मंगलवार, 4 अक्तूबर 2022

अंतरिक्ष में अफरा-तफरीह


डॉ. अरविन्द दुबे

अंतरिक्ष के घुप अंधेरे में मंगलयान-15 निर्बाध गति से बढ़ा जा रहा था। यह भारत की एक महत्वाकांक्षी परियोजना थी जिसे बाईसवीं शताब्दी के पूर्वार्ध में लांच किया गया था। यह सफर मूलत: इक्कीसवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में प्रारंभ हुआ था। पहले तो मंगल ग्रह पर प्रोब भेजी गईं, फिर मानव रहित ऑर्बिटर और रोबोटिक यंत्र; जिन्होंने मंगल ग्रह की सतह और उसके बाद वातावरण का अध्ययन किया। उसकी मिट्टी के नमूने पृथ्वी पर लाए गए और यहां उनका परीक्षण किया गया। अनेक पड़ावों को सफलतापूर्वक पार करने के बाद अंततः वह दिन आ ही गया जब प्रथम भारतीय दल मंगल ग्रह पर जा रहा था। सारी घटनाओं के बाद मंगलयान-15 का सफल प्रक्षेपण हुआ। आज पांच भारतीय मानव मंगलयान में तेजी से लाल ग्रह की ओर अग्रसर थे। यान ने मंगल ग्रह की आधी दूरी तय कर ली थी। आगे की यात्रा में अभी कई दिन लगने थे। यान में सब की दिनचर्या नियत थी। भारहीनता की स्थिति में जहां प्रशांत, जोया और रंगनाथन को अपने बिस्तर के फीतों से बंध कर सोना पसंद था वहीं मनु और अल्बर्ट को फीते ढीले कर हवा में टंगे रहकर सोना रास आ रहा था। अल्बर्ट हंस कर कहता था कि इस तरह सोने से तैरते हुए सपने आते हैं। 

भारतीय समय के अनुसार दिन का एक  बज रहा था। यह भोजन का समय होता था। बड़ी पिचकने वाली ट्यूब में भोजन भरा था। जिसे सारे अंतरिक्ष यात्रियों की कलाई से बांधा जाता था। ताकि भारहीनता की स्थिति में यह भोजन की यह ट्यूब छूट कर यान में तैरने न लगे और कोई दुर्घटना न हो जाए। भोजन करने के लिए इस ट्यूब से लगी नली को मुंह में दबाकर ट्यूब को पिचकाना भर होता था। इससे भोजन मुंह में आ जाता था जिसे कोशिश करके निगलना पड़ता था। इस प्रक्रिया में भोजन के मुंह में पहुंचने पर मुंह को बंद रखना पड़ता था ताकि भोजन मुंह से बाहर निकलकर यान में तैरने न लग जाए। 

एक दिन तो मनु ने तमाशा खड़ा कर ही दिया था। भोजन करते समय मनु को छींक आई तो मनु का मुंह खुल गया। भोजन का कुछ भाग मनु के मुंह से निकल कर  तैरता हुआ अलबर्ट के मुंह पर जा चिपका। हड़बड़ाहट में अल्बर्ट ने उसे मुंह से छुड़ाया तो उसका कुछ भाग तैरता हुआ प्रशांत और जोया के मुंह पर जा टकराया। पूरे यान में हड़कंप मच गया। दुर्घटना होते-होते बची।

‘जोया क्या हुआ आज तुम कुछ खा नहीं रही हो? क्या यहां भी डाइटिंग करने का इरादा है?’ मनु ने भोजन करते हुए चुटकी ली। 

‘नहीं आज खाने का मन नहीं है।’ जोया ने उत्तर दिया। 

‘सब ठीक तो है न?’ मनु ने आदतन जोया का हाथ छुआ। 

वैसे तो जोया अपनी कलाई पर बड़ी घड़ी के आकार का बायोफिजिकल रिकॉर्डर पहने थी जो लगातार उसकी स्वांस गति, हृदय गति, शरीर का तापक्रम, त्वचा की चालकता आदि रिकॉर्ड कर रहा था। वह इस रिकॉर्ड को अनवरत रूप से रेडियो तरंगों की सहायता से पृथ्वी पर संप्रेषित भी कर रहा था। पृथ्वी पर बैठे चिकित्सा विशेषज्ञों का एक पैनल इसकी सतत निगरानी कर रहा था। 

‘पेट में दाएं तरफ नीचे हल्का दर्द है।’ जोया ने अनमने स्वर में उत्तर दिया। 

मनु ने अलबर्ट को इसकी सूचना दी। अलबर्ट इस मिशन में बतौर चिकित्सा विशेषज्ञ शामिल किया गया था। उसे यान में रहते हुए और मंगल ग्रह पर जाकर कुछ चिकित्सकीय प्रयोग करने थे। अलबर्ट मूलतः निश्चेतना विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) था। 

मंगल ग्रह की यात्रा बहुत लंबी थी। यदि यात्रा के दौरान किसी अंतरिक्ष यात्री को कोई ऐसा कष्ट हो जाए जिसमें उसे ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ जाए तो? ऐसे में तीन विकल्प हो सकते थे। 

एक, मिशन को बीच में रोककर अंतरिक्ष यात्री को पृथ्वी पर वापस लाया जाए। यह व्यवहारिक नहीं था। अरबों रुपए और बरसों की मेहनत के बाद संपन्न किए गए मिशन को बीच में रोकना आर्थिक रूप से बहुत बड़े घाटे का सौदा होता दूसरे इससे वह अंतरिक्ष कार्यक्रम भी काफी पिछड़ जाता। दूसरे अंतरिक्ष में अंतरिक्ष यान को हवाई जहाज की तरह स्टेरिंग घुमाकर मोड़ा नहीं जा सकता है कि एकदम दिशा बदली और वापस आ गए। 

दूसरा उपाय यह था कि अंतरिक्ष में कुछ दूरी की कक्षाओं में स्पेस स्टेशन स्थापित कर उनमें चिकित्सकों को भेजकर ‘अंतरिक्ष अस्पताल’ बनाए जाते जहां अंतरिक्ष यान को रोककर वहां बीमार अंतरिक्ष यात्री को चिकित्सा के लिए छोड़ा जाता या संभव होता तो चिकित्सा होने के बाद साथ ले जाया जाता। यह उपाय भी व्यवहारिक नहीं था। इससे एक तो मिशन में से एक अंतरिक्ष यात्री कम हो जाता। मिशन में हर अंतरिक्ष यात्री के कुछ उत्तरदायित्व होते हैं। जिसके लिए उसे प्रशिक्षण दिया जाता है। इसका अर्थ यह हुआ कि उसके न होने पर कोई दूसरा अंतरिक्ष यात्री उसकी जगह नहीं ले सकता है, उसके लिए निर्धारित उत्तरदायित्व की पूर्ति नहीं कर सकता है। दूसरे कई कक्षाओं में अस्पतालों का निर्माण करना और उनकी व्यवस्था बनाए रखना भी कम खर्चीला नहीं होता, वह भी कभी कभार हो सकने वाली एक दुर्घटना के लिए। इसके अतिरिक्त जब तक पहले से योजना न बनाई गई हो तब तक अंतरिक्ष में वायुयान की तरह अंतरिक्षयान को एकदम से कहीं भी रोकना और बाद में वहां से बाकी यात्रा पर चले जाना संभव नहीं है। 

तीसरा विकल्प था कि अंतरिक्ष यात्रा में अनिवार्य रूप से एक शल्य चिकित्सक, एक निश्चेतक और एक शल्यक्रिया सहायक भेजा जाए। इसके अतिरिक्त एक फ्लाइट ऑफिसर या पायलट भेजना भी आवश्यक है। तो फिर हो गई गिनती पूरी। किसी और के लिए जगह ही कहां बचती है? इसलिए यह ‘ऑल मेडिकल क्रू’ वाली बात भी व्यवहारिक नहीं थी। शल्य चिकित्सा ऐसा विषय नहीं है जिसे किसी नॉन-मेडीकल व्यक्ति को इतना सिखाया जा सके कि वह स्वतंत्र रूप से शल्य चिकित्सा कर सके, वह भी भारहीनता की स्थिति में। 

सारे पहलुओं पर विचार कर यह निर्णय लिया गया कि यह कार्य कृत्रिम-बुद्धि युक्त रोबोट्स को सौंपा जाए। रोबोट्स को ऑक्सीजन नहीं चाहिए, भोजन सामग्री नहीं चाहिए, उनके मल-मूत्र की भी कोई समस्या नहीं होती है। अतः इस परियोजना पर कार्य किया गया। अंततः ऐसे कृत्रिम बुद्धि युक्त रोबोट्स का निर्माण किया गया जिनकी मेमोरी में हजारों प्रकार की शल्य क्रियाओं डाटा भरा गया। पृथ्वी पर किए गए परीक्षणों में उनसे पेट, अस्थियों, फेफड़ों और मस्तिष्क की शल्य चिकित्सा जैसे कार्य बिना किसी शल्य चिकित्सक (सर्जन) के नियंत्रण के करवाए गए। इस प्रकार के रोबोट को पृथ्वी से ही रेडियो सिग्नल द्वारा नियंत्रित कर शल्य क्रिया भी करवाई जा सकती थी। पृथ्वी से लिंक टूट जाने की स्थिति में यह कृत्रिम बुद्धि वाले रोबोट स्वयं भी बहुत सारे ऑपरेशन बिना किसी बाह्य सहायता के कर सकते थे। निश्चेतना के लिए भी कृत्रिम बुद्धि वाले रोबोट्स उपलब्ध थे। ये क्लोज लूप सर्किट के जरिए निश्चेतक दवाएं दे सकते थे। ट्रेकियल इनट्यूबेशन (सांस की नली या ट्रेकिया में एक पी.वी.सी. की नली डालना, जिसके द्वारा पूर्ण निश्चेतना या जनरल एनेस्थीसिया में कृत्रिम सांस दी जा सकती है) कर सकते थे। ये निश्चेतना के दौरान रोगी को एक इलेक्ट्रोएंसिफैलोग्राम एक इलेक्ट्रोकॉर्डियोग्राम के डाटा के जरिए नियंत्रित करते थे। पर यह ऐसी प्रक्रिया थी कि इसके लिए एक स्टैंडबाई निश्चेतना विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) का होना जरूरी होता था। ऐसी लंबी यात्राओं में अंतरिक्ष यान में एक स्टैंडबाई शल्य चिकित्सा कक्ष (ऑपरेशन थिएटर) अवश्य बनाया जाता था। इसमें एक रोबो सर्जन और एक रोबो एनएसथेटिस्ट इंस्टॉल किया जाता था। ये सामान्य अवस्था में बिना किसी बाह्य सहायता के स्वयं भी शल्य चिकित्सा, निश्चेतना आदि संपन्न कर सकते थे। 

अब तक की लंबी अंतरिक्ष यात्राओं में कभी भी छोटी-मोटी चोट के अलावा किसी बड़ी शल्य चिकित्सा की आवश्यकता ही नहीं पड़ी थी। इसलिए शल्य चिकित्सा की इस रोबो प्रणाली का रियल टाइम परीक्षण कभी नहीं हो सका था। यद्यपि इन रोबो प्रणालियों की मॉक-ड्रिल हर लंबी अंतरिक्ष यात्रा में की जाती थी ताकि निश्चिंत हुआ जा सके कि क्या आवश्यकता पड़ने पर यह रोबोट वास्तविक शल्य क्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कर सकेंगे? 

----------------------

जोया ने उस समय अपना भोजन नहीं किया। पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष से उसे कुछ औषधियां खा कर आराम करने की निर्देश दिए गए। जोया तब से लेटी हुई थी। पर दर्द कम होने का नाम नहीं ले रहा था। उसकी तीव्रता हर घंटे बढ़ रही थी। धीरे-धीरे जब दर्द असह्य होने लगा तो उसका वीडियो पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष को बीम किया गया। पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष में उपस्थित चिकित्सा विशेषज्ञों ने निर्देश दिया कि जोया के पेट का एक एक्स-रे और सीटी स्कैन करके तुरंत पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष में बीम किया जाए। 

मिनी कैट स्कैन और एक्स-रे की सुविधा यान में उपलब्ध थी। अलबर्ट ने जोया के सीटी स्कैन के फोटो और एक्स-रे चित्र पृथ्वी पर बीम किए। यान में पैथ-रोबो भी उपलब्ध था। अलबर्ट ने पैथ-रोबो में जोया की उंगली रखी। रोबो ने पीड़ा-रहित विधि से उसके रक्त का एक सूक्ष्म नमूना (मिनी सैंपल) लिया। दो मिनट बाद पैथ-रोबो ने जोया के रक्त की रिपोर्ट वहां डिस्प्ले करने के साथ-साथ पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष में भी बीम की। सारी रिपोर्ट का अध्ययन करने के बाद पृथ्वी के चिकित्सा विशेषज्ञों को स्थिति की गंभीरता का अनुमान हो गया।

सीटी स्कैन के चित्र देखने के बाद पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष में चिकित्सा विशेषज्ञों की डायग्नोसिस बनी कि जोया को ‘टोर्जन ऑफ राइट ओवरी विद लोकल पेरीटोनाइटिस’ हो गया है। इसका अर्थ यह हुआ कि जोया का दायां अंडाशय अपनी एक्सिस पर घूम गया है जिसके कारण उसके अंडाशय में रक्त का प्रवाह अवरुद्ध हो गया है। वैसे तो अंतरिक्ष यात्रियों को चुनाव के से पहले विस्तृत चिकित्सकीय जांचों से गुजरना होता है पर यह तो एक प्रकार की एब्डोमिनल इमरजेंसी है जिसके बारे में पहले से अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। यद्यपि जोया महिलाओं के उस आयु वर्ग में नहीं थी जिनमें यह बीमारी बहुतायत से पाई जाती है। पर यह बीमारी तो किसी आयु वर्ग की महिलाओं में हो सकती है।

स्थिति अब इसलिए और भी गंभीर मानी जा रही थी क्योंकि इस डायग्नोसिस का अर्थ था कि जोया का तुरंत ऑपरेशन करना पड़ेगा। एक तो इस प्रकार का ऑपरेशन वैसे भी जटिल होता है फिर उसे भारहीनता की स्थिति में करना एक और बड़ी समस्या थी। शल्यक्रिया के उपकरण अगर हाथ से छूट जाएं तो वह हवा में तो तैर जाएंगे। पर यहां और कोई विकल्प नहीं था। जोया की जान बचाने के लिए यह सब करना जरूरी था। कृत्रिम बुद्धि युक्त सर्जिकल रोबोट के ‘रियल टाइम टेस्ट’ का समय आ गया था। मंगलयान-15 के अंतरिक्ष यात्रियों का दल तनाव में था। 

------------------------------------

यान के शल्य कक्ष को खोलकर कक्ष के दरवाजे का एयर कर्टेन चालू कर दिया गया ताकि वायु शल्य कक्ष और यान के बीच हवा का पर्दा बना ले और यान का कोई भी संक्रमण शल्य कक्ष में प्रवेश न कर सके। एयर कर्टेन के ऊपर बड़े-बड़े सिलेंडरों में वायु भरी थी जो तीव्रगति एक पर्दे की तरह नीचे तक आती थी। नीचे लगे हुए एयर सक्शन इसे खींच पुन: सिलेंडरों में पहुंचा देते थे ताकि इस क्रिया के लिए वायु की कमी न हो। हालांकि थोड़ी-बहुत वायु भारहीनता की स्थिति होने के कारण इधर-उधर फैल भी जाती थी। शल्य कक्ष की अल्ट्रावॉयलेट लाइट ऑन कर दी गई ताकि शल्य कक्ष का सारा वातावरण भी विसंक्रमित हो जाए। पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष से निर्देश मिलने शुरू हो गए थे। जोया को इंट्रावेनस लाइन डाल दी गई थी। निर्देशानुसार उसको एन्टिबायोटिक और पीड़ाहारी औषधियों के इंजेक्शन लगा दिए गए। अलबर्ट अचानक एक बड़ी जिम्मेदारी आ गई थी। हालांकि दल का हर सदस्य अपनी योग्यतानुसार इसमें सहयोग कर रहा था। 

कुछ ही समय में स्टैंडबाई ऑपरेशन थिएटर जीवंत हो उठा। अल्बर्ट ने जोया को दल के अन्य सदस्यों की सहायता से अपने स्थान से उठाकर ऑपरेशन टेबल पर लिटा कर फीतों से बांध दिया ताकि प्रस्तावित रोबोटिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए बनाई गई शरीर की पोजीशन स्थिर रहे और भारहीनता के कारण कोई विषम परिस्थिति उत्पन्न न हो। अधिक दर्द, रोबोटिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के लिए बनाई गई शरीर की एक्सट्रीम पोजीशन और भारहीनता की स्थिति के कारण जोया को स्पाइनल निश्चेतक देना काफी कठिन था इसलिए क्लोज लूप सिस्टम से डेसफ्लोरेन जनरल एनेस्थीसिया देने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया। इस तरह से अंतरिक्ष में ऑपरेशन करने का प्रयास पहली बार किया जा रहा था इसलिए पृथ्वी पर बैठे चिकित्सा विशेषज्ञों ने सर्जिकल रोबोट को पृथ्वी से खुद नियंत्रित करने का फैसला लिया। अब यान के सर्जिकल रोबोट को पृथ्वी पर बैठे मानव सर्जन के हाथों की हरकतों को जोया के शरीर में ट्रांसलेट करना था। यह रोबोटिक सर्जरी की ‘मास्टर एंड स्लेव तकनीक’ थी। इस में पृथ्वी पर बैठा मानव सर्जन अपने हाथ जिस प्रकार चलाएगा यहां यान का सर्जिकल रोबोट अपने एंड इफेक्टर्स और मैनीपुलेटर्स को उसी तरह चलाएगा। 

इंट्रावेनस औषधियों के प्रभाव और भीषण दर्द के कारण जोया वैसे ही अर्धचेतना जैसी स्थिति में थी। अल्बर्ट ने जोया के सिर पर इलेक्ट्रोएंसिफैलोग्राम के इलेक्ट्रोड लगाए और रिकॉर्डिंग प्रारंभ कर दी। यह न्यूरोसेंस प्रीमियम बाई स्पेक्ट्रल मॉनिटर था जो जोया के रक्त के ऑक्सीजन स्तर, हृदय गति, स्वांस गति, रक्तचाप जैसे पैरामीटर्स के आधार पर यह गणना कर सकता था कि उसे निश्चेतक की कितनी मात्रा दी जानी है ताकि उसकी उसका बाई स्पेक्ट्रल इंडेक्स सुरक्षित सीमा में  रहे। बाई स्पेक्ट्रल इंडेक्स इसको किसी व्यक्ति की चेतना का स्तर बताता है। 100 के स्कोर का अर्थ होता है कि वह व्यक्ति पूर्ण रूप से चैतन्य है और जीरो स्कोर का मतलब होता है कि उसके मस्तिष्क में कोई प्रतिक्रिया नहीं हो रही है यानी कि वह मस्तिष्क मृत है। ऑपरेशन के दौरान इस इंडेक्स को 40 से 60 के बीच रखने का प्रयास करना होता है ताकि वह व्यक्ति निश्चेतना में रहे और सुरक्षित भी।

अलबर्ट ने जोया की इंट्रावेनस लाइन को इंट्रावेनस ड्रग पैनल से जोड़ दिया ताकि आवश्यकता पड़ने पर पैनल से कनेक्टेड भिन्न-भिन्न द्रवों और औषधियों से भरे इन्फ्यूजन पंप दूर से ही निर्देश देकर इंट्रावेनस लाइन से जोड़े जा सकें। अल्बर्ट ने जोया सीने पर कई इलेक्ट्रोड लगाए। बांह में बी.पी. कफ बांधा और इनको मल्टीपैरा मॉनीटर से जोड़ दिया और कई पैरामीटर की निम्नतम और उच्चतम सीमाएं (हाईएस्ट और लोएस्ट परमीसिबल लिमिट) सेट कर दीं। अब मॉनिटर जोया की ह्रदय गति, एंड टाइडल कार्बन डाइऑक्साइड, स्वांस गति, रक्तचाप, त्वचा की चालकता बड़ी स्क्रीन पर दिखा रहा था। अल्बर्ट ने जोया की बांह की एक नस में एक आर्टिरियल लाइन डाल दी जिससे ऑपरेशन के दौरान उसका मीन आर्टिरियल प्रेशर पता चलता रहे। यह सब कुछ पृथ्वी के नियंत्रण कक्ष में बैठे चिकित्सा विशेषज्ञ भी देख रहे थे। सारे मॉनिटर्स को यथास्थान लगाकर उसे रोबो-एनेस्थेटिस्ट से जोड़ दिया गया और उसमें आवश्यक सूचनाएं फीड कर दी गईं। मॉनिटर पर जोया का रक्तचाप 110/70, ऑक्सीजन सेचुरेशन लेवल 99 प्रतिशत,  ह्रदय गति ८0 प्रति मिनट नजर आ रही थी। इनसे संतुष्ट होकर अलबर्ट ने आपरेशन के दौरान आवश्यक (रिक्वाइर्ड) सेटिंग फीड कीं। उसने एंड टाइडल कार्बन डाइऑक्साइड 35, स्वांस गति 15, बाई स्पेक्ट्रल इंडेक्स 45, मीनआर्टीरियल प्रेशर 65, न्यूरोमस्कुलर ब्लोकेज २5 प्रतिशत से कम, आपरेशन के दौरान कार्डियक इंडेक्स २. 6 लीटर प्रति मिनट प्रति वर्ग मीटर पर सेट कर दिया। 

अलबर्ट जब इतना करके संतुष्ट हुआ तो उसने जोया के उस पेट के उस हिस्से की सफाई शुरू की जहां ऑपरेशन होना था। यहां उसने एंटीसेप्टिक भीगे स्पंज रोलर की सहायता से पूरे पेट की त्वचा को विसंक्रमित किया। पृथ्वी की तरह भारहीनता की स्थिति में बोतल से स्प्रिट उड़ेल कर रूई के फाहे से पेट की त्वचा को साफ करना संभव नहीं था। इसलिए वहां स्प्रिट भीगे विसंक्रमित रोलरों की व्यवस्था की गई थी। ये रोलर वैसे ही थे जैसे पृथ्वी पर दीवारों की पेंटिंग में प्रयोग किया जाते हैं। उन्हें पेंटिंग की तरह ही जोया के पेट पर चला कर अपने पूरे पेट की त्वचा को विसंक्रमित कर दिया।

इसके बाद उसने जोया और रोबोट दोनों को विशेष प्रकार की विसंक्रमित चादरों, जिन्हें ‘ड्रेप’ कहते हैं, से ढकना शुरू किया। यह ड्रेप जोया की त्वचा पर जाते ही चिपक जाते थे और भारहीनता की स्थिति में तैरने से बच जाते थे। इसी तरह ये रोबोट पर भी चिपक गए। अब जोया और रोबोट दोनों पूरी तरह विसंक्रमित चादरों से ढके थे। जोया के पेट का थोड़ा सा भाग ही खुला था। अलबर्ट ने एक नजर जोया के सारे पैरामीटर पर डाली। सब कुछ सामान्य था। इस पोजीशन में लार की मात्रा को कम करने के लिए अल्बर्ट ने ड्रग पैनल को जोया को ‘ग्लायकोपाइरोलेट’ इंजेक्शन का एक शॉट देने का निर्देश दिया। 

अल्बर्ट ने एनेस्थेटिक रोबोट को सिग्नल दिया और उसने बड़ी कुशलता से जोया को क्लोज लूप सर्किट से निश्चेतना लाने वाली दवाइयां (इंडक्शन ड्रग) दे दीं। निश्चेतना की स्थिति आते ही उसने बड़ी ही सफाई से जोया की सांस की नली (ट्रेकिया) में पी.वी.सी. की बनी एक विशेष एंडोट्रेकियल ट्यूब प्रविष्ट करा दी और इसे एनेस्थेटिक क्लोज-लूप सर्किट से जोड़ दिया। इसमें होकर जोया के फेफड़ों में जनरल एनेस्थेटिक दवा डेसफ्लोरेन, नाइट्रस ऑक्साइड गैस (70 प्रतिशत) और ऑक्सीजन (30 प्रतिशत)  का मिश्रण जोया के फेफड़ों में पहुंचने लगा। 

उसने एक नजर ऑपरेशन टेबिल पर कसी हुई इंस्ट्रूमेंट ट्रॉली पर डाली। ट्रॉली में सारे उपकरण क्लिप में फिक्स किए हुए थे ताकि भारहीनता की स्थिति में वे अपने स्थान से विस्थापित न हो सके और उनसे कोई दुर्घटना न हो जाए। उसने ट्रॉली में फंसी स्टील की एक मोटी और लंबी सुई खींच कर कस कर हाथ में पकड़ ली। उसने पेट की खाल को उठाकर इस सुई को पेट के अंदर प्रवेश करा दिया और इसे कार्बन डाइऑक्साइड के सिलेंडर से जोड़ दिया। सिलेंडर की नॉब को खोलते ही कार्बन डाइऑक्साइड जोया के पेट में भरने लगी और पेट फूलने लगा। चिकित्सकीय भाषा में इसे ‘न्यूमोपेरीटोनियम’ पैदा करना कहा जाता है। इससे पेट के अंदर लेप्रोस्कोपी यंत्र प्रविष्ट कराने हेतु पोर्ट (एक सेन्टीमीटर व्यास की स्टील की खोखली ट्यूब) प्रविष्ट कराने पर उनके ट्रोकार (उनके अंदर फंसी, उनको पूरी तरह भरती हुई एक तरफ नुकीले सिरे वाली छड़) का नुकीला भाग पेट के अंदर जाकर किसी अंग को नुकसान नहीं पहुंचा सकता है। 

उसने ‘स्केलपल’ (धातु एक लंबे हैंडल में फंसा हुआ सर्जिकल ब्लेड) को ट्रॉली से खींचा और उसे कसकर पकड़ लिया। यह स्केलपल एक कॉगुलेशन मशीन से और एक पतली ‘सक्शन टिप’ से जुड़ा था। इसलिए इस से कटते ही खुलने वाली रक्तवाहिकाओं के मुंह कॉगुलेट होकर अपने आप बंद हो जाते हो जाते थे। नहीं तो भारहीनता की स्थिति में उनसे निकलने वाला रक्त पूरे ऑपरेशन थिएटर में तैर कर विषम स्थिति उत्पन्न कर सकता था। यदि इस दौरान रक्त की एक-दो बूंद निकल भी जाती थी तो वह वहीं सक्शन टिप से तुरंत खींच ली जाती थी जो स्केलपल में जुड़ा हुआ था। 

अल्बर्ट ने स्केलपल से जोया के पेट के खुले हुए भाग पर चार छोटे छोटे चीरे लगाए। इनसे कटने वाली रक्तवाहिकाओं के खुले मुंह कॉगुलेट होकर बंद हो गए। चाकू को ट्रॉली में यथास्थान फंसा कर उसने इन कटे हुए स्थानों में करीब एक सेन्टीमीटर व्यास की खोखली ट्यूब, जिसके अंदर उनको पूरी तरह भरती हुई एक तरफ नुकीले सिरे वाली छड़ (ट्रोकार) फंसी थी, प्रविष्ट करा दीं। उनमें से उसने ट्रोकार बाहर निकाल लिया। इससे पेट में लेप्रोस्कोपिक यंत्र पहुंचाने के लिए एक सेंटीमीटर व्यास के चार ‘पोर्ट’ बन गए। तीन पोर्ट के अंदर से उसने सर्जिकल रोबोट की तीन भुजाओं को डॉक कर दिया। चौथे पोर्ट के जरिए  उसने एंडोस्कोप कैमरे को पेट के अंदर पहुंचा दिया। अब सर्जिकल रोबोट शल्यक्रिया करने के लिए पूरी तरह तैयार था। अल्बर्ट ने एक बार फिर जोया के सारे पैरामीटर्स पर नजर डाली, एक सरसरी नजर रोबोटिक एनएसथेटिस्ट के ऊपर डाली। हर चीज  पूर्व योजना के अनुसार कार्य कर रही थी। उसने स्क्रीन के सामने अंगूठा उठाकर ओके का सिग्नल दिया और अपने दोनों हाथों को आपस में मिलाकर शरीर से दूर रखते हुए ऑपरेशन टेबल से कुछ हटकर एक विशेष प्रकार की कुर्सी पर बैठ गया। कुर्सी की चिपकाने वाली प्रक्रिया चालू हो गई। जब वह इस कुर्सी पर से उठना चाहेगा तो उसे कुछ बल प्रयोग करना होगा। ऐसी व्यवस्था भारहीनता की स्थिति में किसी को आपने आप खिसक जाने से बचाने के लिए थी। 

----------------------------

तीस  मिनट के सिग्नल डिले (जितनी देर से देर में सिग्नल वहां से पृथ्वी पर पहुंच रहा था और पृथ्वी से यहां वापस आ रहा था) के बाद रोबो सर्जन की एक भुजा में हरकत होनी शुरू हुई। उसने इंस्ट्रूमेंट टोली में फंसे एक लेप्रोस्कोपिक यंत्र को उठाया और उसे एक पोर्ट के जरिए पेट के अंदर प्रविष्ट करा दिया। सर्जिकल रोबोट पृथ्वी पर बैठे हुए सर्जन के हाथों की गति के अनुसार तीन पोर्ट के जरिए लेप्रोस्कोपिक यंत्रों को जोया के पेट में प्रवेश कर कार्य करने लगा। पेट के अंदर बहुत सारा गंदा द्रव भरा हुआ था। सर्जिकल रोबोट ने सबसे पहले सक्शन के जरिए उस गंदे पानी को बाहर खींचा। इसके बाद लेप्रोस्कोप के स्प्रे जेट से से नॉरमल सेलाइन का स्प्रे कर पेट के अंदर के सारे अंगों को धोया और इस गंदे पानी को भी सक्शन के जरिए खींच लिया। सक्शन की बोतल खून मिले गंदे पानी से भर गई। अब उसने लेप्रोस्कोपिक क्लिप की सहायता से जोया की ओवरी को पकड़कर उसे ह जिस तरफ से वह ऐंठ गई थी, उसके उल्टी तरफ घुमा कर (अनवाइंड) करके टोर्जन को दूर करने की कोशिश की। अलबर्ट ने भी देखा, ओवरी का रंग काला हो चुका था। इसका अर्थ यह था कि अब इस ओवरी को बचाया नहीं जा सकता था। इसको बाहर निकालना ही एकमात्र उपाय था। दूसरे पोर्ट से सर्जिकल रोबोट का हुक जो एक कटिंग मशीन से जुड़ा था, काम करने लगा। उसने गर्भाशय और अंडाशय के बीच जुड़े ओवेरियन लिगामेंट को इससे जलाते हुए काटकर अलग कर दिया। इसके बाद उसने ओवरी को ब्रोड लिगामेंट (जिसके जरिए अंडाशय अंडवाहिका और गर्भाशय एक दूसरे से जुड़े रहते हैं) से उसी हुक द्वारा अलग कर लिया। जैसे-जैसे सर्जिकल रोबोट का हुक अंडाशय के पास पहुंच रहा था अलबर्ट का मानसिक तनाव कम होता जा रहा था। थोड़ा सा ही काम बचा था। पेरीटोनियम (पेट के अंदर अंगों को ढ़ंकने वाली झिल्ली को छुड़ाते हुए रोबोट की भुजाओं में फंसे लेप्रोस्कोपिक यंत्र जोया के अंडाशय (ओवरी) तक पहुंच रहे थे। 

जोया के पेट के अंदर होने वाला सारा कार्य एक बड़ी स्क्रीन पर यान में भी दिख रहा था और पृथ्वी के कंट्रोल रूम में विशेषज्ञों को भी रियल टाइम में दिख रहा था। मिलीमीटर की शुद्धता तक सर्जिकल रोबोट के हाथ (एंड इफेक्टर और मैनीपुलेटर) जोया के पेट में लेप्रोस्कोपिक यंत्रों को चला रहे थे। अब सर्जिकल रोबोट को ओवरी को पेरीटोनियम की परतों से डिसेक्ट (छुड़ा) कर बाहर निकाल लेना था। अलबर्ट की दृष्टि लगातार जोया के बायोफिजीकल पैरामीटर्स पर थी। क्लोज लूप सिस्टम में एनेस्थेटिक रोबोट डेसफ्लोरेन, नाइट्रस आक्साइड और आक्सीजन के मिश्रण को बाईस्पेक्ट्रल इंडेक्स के हिसाब से नियंत्रित रूप से लगातार पहुंचा था। इसमें पृथ्वी की निश्चेतना की तरह बीच-बीच में बोलस इंजेक्शन (बीच-बीच में इंजेक्शन की कुछ मात्रा देना) का प्रावधान नहीं था।

अलबर्ट अब बहुत ध्यान से उस स्क्रीन पर देख रहा था जिसमें सर्जिकल रोबोट द्वारा जोया के पेट में की जा रही शल्य क्रिया दिखाई पड़ रही थी। अचानक वह चौका उसे लगा कि गति करते सर्जिकल रोबोट के आर्म रुक गए हैं और जोया के पेट में पड़े लेप्रोस्कोपिक इंस्ट्रूमेंट में कोई हरकत नहीं हो रही है। उसने एक नजर पलट कर सर्जिकल रोबोट को देखा। उसका अनुमान सच था। सर्जिकल रोबोट कोई हरकत नहीं कर रहा था। उसने तुरंत स्क्रीन पर लगी इन्वेंट्री खोली और जो देखा उसे देख कर वह भौंचक्का रह गया। सर्जिकल रोबोट का पृथ्वी से संपर्क टूट गया था। पृथ्वी से कोई सिग्नल नहीं आ रहा था। वह इसका मतलब भली प्रकार समझता था। अब सिग्नल को दोबारा जोड़ने में कम से कम 25 या ३0 मिनट का समय लगेगा। तब तक जोया का क्या होगा? उसने सर्जिकल रोबोट को ऑटो मोड पर लाने का प्रयास किया पर उसका यह प्रयास असफल रहा। ऑपरेशन के बीच में सर्जिकल रोबोट ऑटो-मोड पर नहीं आ रहा था क्योंकि उसमें जितने ऑपरेशन के डाटा फीड थे वे ऑपरेशन की शुरुआत से लेकर अंत तक की प्रक्रिया के डाटा थे। इसलिए सर्जिकल रोबोट किसी ऑपरेशन को बीच में ऑटो-मोड में नहीं पकड़ सकता था। स्थिति गंभीर होती जा रही थी। अल्बर्ट ने एक बार फिर पलट कर जोया के बायोफिजिकल पैरामीटर्स की ओर देखा। जोया के पैरामीटर तो अभी ठीक थे। 

अलबर्ट ने शल्य कक्ष की ग्लास विंडो से झांक रहे मनु को इशारे से अंदर बुलाया। हिचकिचाते से मनु लगभग तैरते हुए शल्य कक्ष के अंदर आए। अल्बर्ट ने उन्हें सारी स्थिति समझाई। अल्बर्ट की बातें सुनने के साथ बाद वह भी सदमे में आ गए। अब क्या होगा? क्या जोया का को इसी तरह 30 मिनट तक छोड़ा जा सकता है? यदि नहीं तो दूसरा विकल्प क्या है? उन्होंने प्रश्नवाचक नजरों से अल्बर्ट की ओर देखा, ‘क्या हम कुछ इंतजार कर सकते हैं अलबर्ट?’

‘और कोई विकल्प भी तो नहीं है मनु, हमें इंतजार करना ही पड़ेगा।’ 

‘तो क्या जोया इस हालत में तब तक सस्टेन कर सकती है?’ 

‘टाइम विल टेल (यह तो समय ही बताएगा)।’ 

दोनों कुछ मिनट तक निस्पंद खड़े रहे। तभी अल्बर्ट की दृष्टि जोया की बायोफिजिकल प्रोफाइल दिखाने वाली स्क्रीन पर गई। जोया का ब्लड प्रेशर कम हो रहा था। कुछ और बायोफिजिकल मार्कर भी गड़बड़ाने  लगे थे। अल्बर्ट को चिंतित दृष्टि से स्क्रीन की और देखते हुए मनु को कुछ खटका। 

‘कोई खास बात है अल्बर्ट?’ मनु ने चिंतित स्वर में पूछा। 

‘हां, जोया शॉक में जा रही है। मुझे लगता है कि यदि हम इंतजार करते रहे तो हम जोया को नहीं बचा पाएंगे।’ ‘एनी सजेशन?’ मनु ने चिंतित होते हुए पूछा। 

‘हम दोबारा सिग्नल जुड़ने तक इंतजार नहीं कर सकते। हमें ही कुछ करना होगा वरना हम जोया को नहीं बचा पाएंगे।’ अलबर्ट ने जैसे अल्टीमेटम दिया। 

‘तब फिर करो न, क्या करना है?’ मनु की घबराहट अब स्वर में लक्षित हो रही थी। 

‘तुम चालक दल के मुखिया हो इसलिए तुम्हारी रजामंदी जरूरी है।’ 

‘तुम करना क्या चाहते हो?’ मनु ने पूछा। 

‘मैं जोया का बचा हुआ ऑपरेशन खुद पूरा करना चाहता हूं।’ 

मनु भौंचक्के थे, ‘क्या तुम लेप्रोस्कोपिक सर्जरी कर सकते हो? तुम तो एनेस्थेटिस्ट हो।’ 

‘नहीं मैंने कभी लेप्रोस्कोपिक सर्जरी तो क्या कोई और सर्जरी भी नहीं की है।’ 

‘तो?’

‘रेजीडेंसी की पीरियड में मैंने अपने सीनियर कंसलटेंट के साथ अनुभव भर के लिए कुछ सर्जरी में असिस्टेंट की तरह काम किया है।’ 

‘क्या! उस अनुभव के बल पर तुम जोया की सर्जरी का बचा हुआ भाग निपटाने चले हो?’ 

‘हां, यह सच है कि मैंने सर्जरी कभी नहीं की है पर एनेस्थेटिस्ट होने के नाते मैंने हजारों शल्यक्रियाएं होते हुए देखी तो हैं और देखना भी एक तरह का सीखना ही है।’

मनु ने कोई उत्तर नहीं दिया। 

‘मनु सवाल यह नहीं है कि मैंने पहले सर्जरी की है या नहीं? सवाल यह है कि हम क्या कर के अपनी जोया की जान बचा सकते हैं? अगर हम इस में सफल हुए तो जोया बच जाएगी।’ 

‘और अगर हम इसमें असफल हुए तो?’

‘तब भी परिस्थितियां वही रहेंगीं। ऐसा करके हमारे पास पाने के लिए बहुत कुछ है और खोने के लिए कुछ भी नहीं है। डू यू एग्री क्या? (तुम मुझसे सहमत हो?) और रादर डू यू अलाउ मी टू गो अहेड? (तुम मझे इज़ाजत देते हो?)

मनु पशोपेश में थे।

अलबर्ट ने मनु के उत्तर की प्रतीक्षा किए बिना कहना शुरू किया, ‘मैं सर्जिकल रोबोट को जोया के ऊपर से हटाता हूं और एक सामान्य सर्जन की तरह उसका पेट खोलकर उसके बचे हुए ऑपरेशन को निपटाने की कोशिश करता हूं। तुम इसमें मेरी मदद करो।’ 

‘मैं! तुम जानते हो तुम जानते हो मेरा डाक्टरी से दूर-दूर का वास्ता नहीं है। मैं एरोनौटिकल इंजीनियर हूं।

’कोई बात नहीं, तुम्हें वहां एनेस्थेटिक रोबोट के पास अपने आप को उससे स्ट्रेप करके खड़े होना है और मैं जैसा कहता जाऊं वैसा करते रहना है।’

मनु ने चुप्पी साध कर जैसे स्वीकृति दी

‘ओके डन, नाउ गेट रेडी और कैबिनेट में रखा स्टेराइल गाउन और डिस्पोजेबल ग्लव्स निकाल कर पहन लो।’ 

अलबर्ट ने एनेस्थेटिक रोबोट को औटो मोड से हटा कर ‘मास्टर एंड स्लेव’ मोड पर किया कयोंकि ब वह बहुत घबराया हुआ था, ‘पता नहीं क्या हो?’ ऐसे में कमांड तो कम से कम उसके हाथ में हो। मनु वहां उसे प्रॉक्सी करने के लिए रहेंगे। 

-------------------------

थोड़ी देर में अलबर्ट और मनु स्टेराइल गाउन और डिस्पोजेबल ग्लव्स पहने हुए अपनी-अपनी टेबल से अपने को स्ट्रेप किए आमने-सामने खड़े थे। अलबर्ट ने एक नजर जोया की बायोफिजिकल प्रोफाइल दिखाने वाली स्क्रीन पर डाली। बायोफिजिकल पैरामीटर्स में गड़बड़ी लगातार बढ़ रही थी। जोया का ब्लड प्रेशर निरंतर गिर रहा था। 

‘स्क्रीन पर नीचे टैप करो, टैप करो।’ अलबर्ट ने तेज स्वर में कहा।

मनु ने वैसा ही किया। स्क्रीन पर सारे पैरामीटर की अलग-अलग रीडिंग और उसके नीचे उसको घटाने-बढ़ाने के इंडिकेटर दिखाई देने लगे। 

‘उस हाइड्रोकॉर्टीसोन वाली थंबनेल को टच करो, हां वही।’ 

मनु ने वैसा ही किया। हाइड्रोकॉर्टीसोन का एक शॉट माइक्रो इन्फ्यूजन पंप के द्वारा जोया के शरीर में पहुंचा दिया गया। 

‘वह कोलॉइड वाला थंबनेल, उसकी स्पीड को मैक्सिमम पर कर दो। ठीक है, ठीक है।’ संतुष्ट होते हुए अलबर्ट ने कहा, ‘ अपने सीने को छुए बिना उसने हवा में उंगलियां चलाते हुए जैसे सीने पर एक क्रॉस का निशान बनाया और सर्जिकल रोबोट को अनडॉक करके जोया के पेट से सारे पोर्ट निकाल लिए। 

‘नाउ कीप एन आई ओवर दोज पैरामीटर्स ऑन द स्क्रीन (स्क्रीन के पैरामीटर्स पर नजर रखिए)। इनफॉर्म मी एनी चेंज व्हाटसो एवर (यदि उनमें कोई परिवर्तन होता है तो मुझे बताइए)।’ अलबर्ट ने सर्जिकल ट्रॉली में फंसा स्केलपल उठाया और उसे कॉगुलेशन लीड और सक्शन से जोड़ लिया। एक बार फिर ऊपर की ओर देखा। मानो किसी अज्ञात शक्ति का आह्वान कर रहा हो। 

अलबर्ट का चाकू जोया के पेट पर चलने लगा। उसने जोया के पेट की त्वचा पर ट्रांसवर्स इंसीजन (अनुप्रस्थ चीरा) दिया। इसके बाद अंदर की रेक्टस एब्डोमिनिस मांसपेशियां दिखने लगीं। उसने उन्हें काटे बिना ऑपरेशन वाले स्थान से उधर उधर कर सेल्फ रिटेनिंग रिट्रेक्टर में फंसाकर ऑपरेशन के क्षेत्र को क्लियर किया। अब सामने पेट के अंगों को ढकने वाली पेरीटोनियम थी। उसने जोया के मूत्राशय में पड़े कैथेटर की मदद से वास्तविक स्थिति का अनुमान करके मूत्राशय को बचाते हुए पेट के अंगों को ढ़कने वाली झिल्ली (पेरिटोनियम) में एक लोंगीट्यूडिनल इंसीजन (ऊर्ध्वाधर चीरा) लगाया। इसके बाद दोनों हाथों से पेट के उस छेद को खींचकर बड़ा करते हुए उसने अपना हाथ पेट के अंदर डाला और दो छोटे सेल्फ रिटैनिंग रिट्रेक्टर लगाकर पेट के उस छेद को स्थिर कर लिया। अब उसके सामने पूरा पेट खुला हुआ था। उसमें सर्जिकल ट्रॉली से दो क्लैंप उठाए और उन्हें अंडाशय के पेडीकल पर दोनों ओर लगाया और विशेष स्केलपल से पेडिकिल को काट दिया। उसने सर्जिकल स्टेपलर से दोनों तरफ के कटे हुए भागों पर स्टेपल लगा दिए और क्लैंप निकाल लिए। इसके बाद उसने अंड वाहिनी (फैलोपियन ट्यूब) को उसके मुख से करीब ढाई इंच पीछे उसके इस्थमस पर पास पास दो क्लैंप लगाए और स्केलपल से अंड वाहिनी को आर-पार काट दिया। कटे हुए भागों पर उसने सर्जिकल स्टेपल लगाए और क्लैंप को बाहर निकाल लिए। उंगली से ब्लंट डिसेक्शन करते हुए उसने अंडाशय को पूरी पेरीटोनियम से छुड़ा लिया। उसके चेहरे पर संतोष के भाव जागे। जोया का ऑपरेशन करीब-करीब पूर्ण होने की स्थिति में था। उसने जोया के बायोफिजिकल पैरामीटर वाली स्क्रीन को देखा। जोया का ब्लड प्रेशर गिरने लगा था। 

‘मनु बाएं तरफ की तीसरी थंबनेल को टैप करो वही जिस पर वेसोप्रेसर लिखा है, हां वही।’ अलबर्ट ने सधे स्वर में कहा। 

मनु ने वैसा ही किया। थंबनेल को टैप करते ही स्क्रीन पर वेसोप्रेसर के कई ऑप्शन दिखाई देने लगे। 

‘हां वह तीसरे नंबर वाली ऑप्शन पर टैप करो, जिस पर एफीड्रिन सल्फेट लिखा है। 

मनु के ऐसा करते ही एफीड्रिन सल्फेट नामक पदार्थ के इंजेक्शन का एक शॉट माइक्रो इन्फ्यूजन सेट ने जोया की इंट्रावेनस लाइन में पुश कर दिया। अलबर्ट ने थोड़े समय के लिए अपना काम रोक दिया। वह जोया के रक्तचाप के सामान्य होने की प्रतीक्षा कर रहा था।

अलबर्ट टकटकी लगाए जोया के बायोफिजिकल पैरामीटर्स वाली स्क्रीन पर देख रहा था। कुछ मिनट बीते। जोया का रक्तचाप बढ़ने की जगह पर और घटने लगा। अल्बर्ट की समझ में अब कुछ नहीं आ रहा था कि वह क्या करे। उसे लगता था कि उसने इस काम में हाथ डाल कर गलती की है। जोया का सिस्टोलिक रक्तचाप अब करीब 40 मिलीमीटर ऑफ मरकरी पर था और लगातार नीचे ही जा रहा था। यह आपात स्थिति थी। उसने मनु को चिल्ला कर कहा, वेसोप्रेसर के आखिरी थंबनेल को देखो क्या लिखा है?’ 

‘एड्रीनलिन।’ मनु ने उत्तर दिया। 

‘ठीक है उसे टैप करो।’ अलबर्ट के स्वर में उत्तेजना और घबराहट दोनों थी। 

मनु ने वैसा ही किया। अलबर्ट हवा में ही अपने सीने पर क्रॉस बनाया और अपनी आंखें ऊपर की ओर कर दीं मानो किसी अदृश्य शक्ति से प्रार्थना कर रहा हो। कुछ मिनट और बीते। ये दवा का असर था या उस अदृश्य  शक्ति का जादू कि जोया का रक्तचाप धीरे-धीरे बढ़ने लगा। अब यह 90/70 मिलीमीटर ऑफ मर्करी के आसपास था। अल्बर्ट को लगा अगर वह इस स्थिति में जल्दी से इस काम को समाप्त कर सके तो वह एक बार नियंत्रक की स्थिति में आ जाएगा और इन सारी कठिनाइयों से और आसानी से निपट सकेगा।

 अल्बर्ट ने बड़ी सावधानी से अंडाशय को कसकर हाथ में पकड़े हुए एक विशेष प्रकार के स्टेराइल टिश्यू पेपर जैसे सर्जिकल स्पंज को जोया के अलग किए हुए अंडाशय पर रखा और पूरे मांस के लोथड़े को, जिसमें अंडाशय भी शामिल था इस पेपर में लपेट लिया। क्योंकि पेट से बाहर निकालते समय इस मांस के लोथड़े से कुछ रक्त या द्रव भारहीनता के कारण शल्य कक्ष के वातावरण में निकलकर तैर जाने की संभावना थी। उसने सावधानीपूर्वक इस मास के लोथड़े को एक और टिश्यू पेपर में लपेट कर सर्जिकल इंस्ट्रूमेंट ट्रॉली पर रखा। ट्रॉली पर रखते ही टिश्यू पेपर में लिपटे अंडाशय को क्लिप में जकड़ लिया गया। अब अलबर्ट ने में सक्शन से पेट के अंदर के सारे रक्त और गंदगी खींच लिया। टिश्यू पेपर जैसे सर्जिकल स्पंज को हर जगह दबा-दबा कर अलबर्ट यह  निश्चित कर रहा था कि जोया के पेट में कहीं से रक्त रिस तो नहीं रहा है। जहां उसे ऐसी संभावना लगती वहां वह कॉटरी के पॉइंट से उस स्थान को छूकर कॉगुलेट कर देता और रक्त रुक जाता। जहां इस से रक्त का रिसना नहीं रुक रहा था वहां कई स्थानों पर अलबर्ट ने स्टेपल लगाकर रक्त को रोक दिया। जब वह निश्चिंत हो गया कहीं से भी जोया के पेट में रक्तस्राव नहीं हो रहा है तो उसने स्केलपल से जोया के पेट की त्वचा में एक छेद बनाया और उसके जरिए एक सामान्य कैथेटर जोया के पेट में डालकर उसे जोया के पेट की दीवार से सर्जिकल स्टेपलर के द्वारा फिक्स कर दिया और दूसरी ओर उसे एक स्टेराइल बैग से जोड़ दिया। जिस से बाद में भी यदि जोया के पेट से कोई द्रव या रक्त बहेगा तो वह इस कैथेटर के जरिए बैग में पहुंच जाएगा और जोया के पेट में कोई गंदगी नहीं बचेगी। अलवर के ह्रदय की धड़कन अब काबू में आ रही थी। ऑपरेशन का मुख्य कार्य समाप्त हो चुका था। अब केवल जोया के पेट को बंद ही करना था। इस भारहीनता की स्थिति में इसके लिए सुई और धागे का प्रयोग नहीं किया जा सकता था। इसके लिए कुछ विशेष प्रकार के सर्जिकल स्टेपल की व्यवस्था थी। परत दर परत स्टेपल लगाते हुए अलबर्ट ने पेट की दीवार को बंद कर दिया। अंत में त्वचा पर कई स्टेपल लगाकर उसके ऊपर एक भी संक्रमित गॉज़, जिसमें कुछ औषधि भी लगी हुई थी, लगाकर जब टेप से उसे अल्बर्ट में जोया के पेट पर चिपकाया तो उसने अंगूठा उठा कर जैसे मनु को सूचना दी, खुश हो जाओ सारा काम समाप्त हो गया है। जोया की जान बच गई है। आल इज़ वेल।’ 

एनेस्थेटिक रोबोट अभी भी जोया के शरीर में अभी भी निश्चेतक डेसफ्लोरेन और ऑक्सीजन का मिश्रण पहुंचा रहा था। अलबर्ट ने अपने आप को ऑपरेशन टेबल से छुड़ाया और लगभग तैरते हुए टेबल के दूसरी तरफ पहुंचकर उसने एनेस्थेटिक रोबोट को एनेस्थीसिया रोकने का निर्देश दिया। चूंकि निश्चेतक दवा विश्व डेसफ्लोरेन फेफड़ों में दवा का प्रवाह बंद करते ही यह धीरे-धीरे शरीर से अपने आप निकल जाती थी। इसलिए इसमें रिवर्सल औषधियों (वे औषधियां जो निश्चेतक दवाओं का प्रभाव समाप्त करने के लिए ऑपरेशन समाप्त होने के बाद रोगी की चेतना लौटाने के लिए के बाद प्रयोग की जाती हैं) की आवश्यकता नहीं पड़ती थी।

जोया के बायोफिजिकल पैरामीटर्स की स्क्रीन अभी भी खुली थी। धीरे-धीरे उसके सारे पैरामीटर सामान्य हो रहे थे। मनु ने देखा एक बार जोया कराही। उसने अपने हाथ पैर हिलाए। उन्होंने प्रश्नवाचक दृष्टि से अल्बर्ट की तरफ देखा। 

‘घबराइए नहीं, अब वह होश में आ रही है। धीरे-धीरे वह पूरे होश में आ जाएगी।’ 

कुछ मिनट और बीते अलबर्ट ने धीरे से जोया के दोनों गालों को थपथपाया, जोया जीभ दिखाओ, जीभ दिखाओ जोया, जोया जीभ बाहर निकालो।’ 

तीन चार बार कहने के बाद जोया ने अपनी जीभ बाहर निकाली।

मनु और अल्बर्ट दोनों ने अपने हाथ दुआ के लिए ऊपर उठा दिए। अलबर्ट ने अपने सीने पर क्रॉस बनाया। 

कुछ समय बाद जोया और होश में आई। 

अलबर्ट ने पूछा, ‘कैसी हो जोया जोया?’ 

जोया मुंह से कुछ नहीं बोली। बस उसने अपना मुट्ठी बांधकर अपना एक अंगूठा ऊपर की तरफ उठा दिया। मनु की सारी बेचैनी समाप्त हो गई। अलबर्ट ने आगे बढ़कर जोया के माथे पर चूम लिया। मनु शरारत से मुस्कुराए जैसे कह रहे हों, ‘वाह तुम तो बड़े छुपे रुस्तम निकले।’

लगभग तैरते हुए मनु बाहर गए शल्य कक्ष के बाहर गए और दल के अन्य सदस्यों को जोया की कुशलता की सूचना दी। लोग हर्ष से चिल्लाने लगे। अलबत्ता अल्बर्ट अभी भी जोया के सिरहाने खड़ा था और उसके पूरे होश में आने का इंतजार कर रहा था। इसके लिए उसे बहुत प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी। जोया पूरे होश में आई। जोया अब सुरक्षित थी। अलबर्ट ने उसे दर्द से मुक्ति पाने के लिए पीड़ाहारी औषधि (पेनकिलर ड्रग) का इंजेक्शन दिया, एन्टिबॉयोटिक्स के इँजेक्शन भी दिए। उसकी नाक में पड़ी नली (नेजोगैस्ट्रिक ट्यूब) का एक बार सक्शन किया और उसे कलेक्टिंग बैग से जोड़ दिया। उसने नार्मल सेलाइन से भरा एक इन्फ्यूज़न पंप जोया की इंट्रावेनस लाइन से जोड़ दिया और आपरेशन के डिटेल लिखने लगा जो सिग्नल जुड़ने पर उसे पृथ्वी के कंट्रोल रूम के विशेषज्ञों से साझा करने होंगे।      

अब इन लोगों को जोया को यान में ही किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना था। अलबर्ट ने फैसला किया जोया को शल्य कक्ष में ही दूसरी टेबल पर रखेगा और पोस्ट ऑपरेटिव पीरियड (आपरेशन के बाद के समय) में सारे लोग पारी बदल-बदल कर जोया की तीमारदारी करेंगे।

---------------------------


पृथ्वी के मिशन कंट्रोल रूम में एक कंट्रोलर की आवाज गूंजी, वी हैव लॉस्ट सिगनल टू मंगलयान १5, इट्स एन इमरजेंसी (हमारा हमारा यान से संपर्क टूट गया है यह एक आपात स्थिति है)।’ 

यह सूचना अब और कंट्रोलर के पास से भी आने लगी। कंट्रोल रूम में खलबली मच गई। पृथ्वी पर स्थापित अन्य अर्थ स्टेशनों से संपर्क किया गया तो वहां से भी यही एस.ओ.एस (खतरे में दिया जाने वाला समाचार/सिग्नल) मिला कि यान से संपर्क नहीं हो पा रहा है। सारे लोग परेशान होने लगे। 

‘इसका मतलब खराबी कंट्रोल रूम से नहीं यान की तरफ से है।’ मिशन कंट्रोल के प्रमुख चिल्लाए, यान के एंटीना चेक करो।’ 

इंजीनियरिंग टीम यान से संपर्क साधने में जुट गई। 

मिशन कंट्रोल में घबराहट और दुख का माहौल था। सबसे ज्यादा चिंतित चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम थी क्योंकि उन्हें पता था किस अंतरिक्ष यान में एक अंतरिक्ष यात्री की जान खतरे में है। उसका ऑपरेशन बीच में रुक गया है। उस को तुरंत सहायता की आवश्यकता है। क्या जब तक सिग्नल मिलेगा तब तक जोया सस्टेन कर सकेगी? जो लोग वैज्ञानिक होने के नाते अपने आप को नास्तिक कहते थे वह भी इस आपात परिस्थिति में उस परमपिता परमेश्वर या किसी अदृश्य के सामने दुआ में हाथ फैलाए थे कि रक्षा करना, ईश्वर रक्षा करना, जोया की रक्षा करना। क्योंकि हम इस समय असहाय है और तेरे ही सहारे हैं। 

--------------------

अंतत: वैज्ञानिकों को सफलता मिली 60 मिनट बाद यान से पुन: संपर्क जुड़ा। 

‘हेलो अर्थ स्टेशन हियर, आर यू लिसनिंग मी? (हेलो अर्थ स्टेशन क्या आप मुझे सुन रहे हैं?) ओवर।’ 

मनु ने जब अर्थ स्टेशन की आवाज सुनी तो उन्हें लगा कि जिंदगी की ओर से पैगाम आया है। यान के दल के लोगों के चेहरे खिल गए और वह चिल्लाने लगे।

‘दिस इज़ मंगलयान 5, आई एम लिसनिंग, ओवर।’ 

अब चिकित्सा विशेषज्ञ दल के लोग उस तरफ से ट्रांसमिशन पर थे। 

‘हाउ इज़ जोया?’ एक चिकित्सा विशेषज्ञ का  हड्‍बड़ाया स्वर सुनाई दिया।

‘जोया इस पॉइंट फाइन (जोया ठीक है)। स्लीपिंग कामली, ओवर (शांति से सो रही है)।’

चिकित्सा विशेषज्ञ के दिल की धड़कन काबू में आई।

‘आस्क अलबर्ट कैन वी रीस्टार्ट ऑपरेशन नाउ (अलबर्ट से पूछिए कि हम दोबारा? ओवर।’ नीचे से विशेषज्ञ का चिंता भरा स्वर सुनाई दिया। 

अलबर्ट अब तक ट्रांसमिशन डेस्क तक आ चुका था उसने उत्तर देने की जिम्मेदारी संभाली। 

‘डोंट वरी सर, वी हैव कम्पलीटेड इट (आप फिक्र न करें, हमने उसे पूरा कर लिया है)।’ 

व्हाट, व्हाट हैव यू डन (क्या, तुमने क्या कर लिया है?)?’ चिकित्सा विशेषज्ञ कनफ्यूज थे जैसे कि उन्होने  कुछ गलत सुन लिया हो।

‘वी हैव कम्पलीटेड रिमैनिंग पार्ट ऑफ दी ऑपरेशन सक्सेसफुली (हमने बची शल्य क्रिया को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है)।’ अलबर्ट ने सधे स्वर में उत्तर दिया। 

‘हाउ?’

‘मैनुअली।’

‘ओह माई गॉड।’ चिकित्सा विशेषज्ञ का मुंह आश्चर्य से खुला रह गया।

‘बट यू आर.......(लेकिन तुम तो........)’

‘मियर एन एनेस्थेटिस्ट (सिर्फ एक एनेस्थेटिस्ट हो)।’ अलबर्ट ने हंसते हुए वाक्य पूरा किया।

‘आई नो डूड, यू आर ए हार्ड नट।’ चिकित्सा विशेषज्ञ भी हंस रहे थे। 

अंतरिक्ष के घुप अंधेरे में मंगलयान-15 निर्बाध गति से बढ़ा जा रहा था।

-------------------------

विज्ञान कथा के नेपथ्य का विज्ञान

आज वैज्ञानिक इस आशा में पृथ्वी जैसे ग्रहों की खोज कर रहे हैं कि कल कहीं अगर उन्हें दूसरी जगह बसना पड़ा तो उसके लिए इस तरह के ग्रह एक समाधान साबित होंगे। या फिर वे अपने जैसे लोगों की सभ्यता ढूंढ रहे हैं? हम नए-नए ग्रहों की यात्रा के सपने देख रहे हैं। उनको टेराफॉर्म करके उन पर बसने का मन बना रहे हैं। ऐसी अंतरिक्ष यात्राओं में जहां यात्रा का समय सालों में होगा, जहां तक रेडियो सिग्नल पहुंचने तक में 40-50 मिनट लगेंगे, ऐसी जगहों पर जाने पर अगर अंतरिक्ष यात्रियों में कभी कोई शल्य चिकित्सकीय आपात स्थिति उत्पन्न हुई तो उसका निवारण कैसे होगा? यह एक वास्तविक प्रश्न है जिसका उत्तर चिकित्सा विशेषज्ञ, स्पेस एजेंसी और इससे जुड़े अनेक विषयों के विशेषज्ञ ढूंढ रहे हैं। अब तक इसका कोई उचित समाधान नहीं मिला है इसके लिए वैज्ञानिकों ने रोबोटिक सर्जरी का सहारा लेने का मन बनाया है। हां रोबोटिक सर्जरी ने इसमें कुछ आशाएं जगाई हैं। उनका सोचना है कि या तो इन सर्जिकल रोबोट्स को पृथ्वी से रोबोटिक सर्जन द्वारा नियंत्रित किया जाएगा या फिर ये स्वयं ही अपने अपनी मेमोरी में भरे आंकड़ों के आधार पर किसी अंतरिक्ष यात्री की शल्य चिकित्सा कर सकेंगे। मई 2006 में मिलान की सान राफेल यूनिवर्सिटी के विश्वविख्यात हार्ट सर्जन कार्लो पेपोन ने एक ऐसे सर्जिकल रोबोट को प्रोग्राम किया जिसने बिना किसी नियंत्रक सर्जन की मदद के 50 मिनट की लंबी हृदय शल्य चिकित्सा सफलतापूर्वक संपन्न की। इसके लिए डॉक्टर कार्लो पेपोन ने इस सर्जिकल रोबोट की मेमोरी में इस तरह के करीब दस हजार ऑपरेशन के आंकड़े भरे थे। ऑपरेशन की सफल समाप्ति पर डॉक्टर कार्लो पेपोन ने कहा कि आने वाले समय में इस तरह की रोबोटिक सर्जरी को अंतरिक्ष यात्राओं के दौरान प्रयोग किया जा सकेगा जिससे इस प्रकार की अंतरिक्ष यात्राओं में आने वाली शल्य चिकित्सा आपात स्थितियों से आसानी से निपटा जा सकेगा। पर क्या यह पद्यति एक पूर्णतया सफल और भूल रहित पद्यति साबित होगी? प्रस्तुत विज्ञान कथा इसी विषय को ध्यान में रखकर लिखी गई है। 


रविवार, 2 अक्तूबर 2022

महाप्रलय

डा. अरविन्द दुबे

13 जनवरी 2788-ब्रेकिंग न्यूज

खबर थी ही ऐसी थी कि बिजली की तेजी से फैलती। ‘इंटरनेशनल सेंटर फार नीयर अर्थ आब्जेक्ट स्टडीज’ ने ‘इंटरनेशनल एस्टीरोइड नेट वर्क’ के दुनिया भर में फैले अपने स्टेशनों को एक आपात कालीन सूचना  भेजी कि उन्होने एक नए आब्जेक्ट की “साइटिंग” की है। सेंटर के हेड माइक स्टीव सारे स्टेशन को उस नई ‘साइटिंग’ के डिटेल बता रहे थे।

“इट्स ए बिग रॉक गाइज, प्रोबेबली बिगेस्ट वी हैव एवर विटनेस्ड (यह एक बहुत बडी चट्टान है शायद इतनी बडी जितनी कि अब तक कभी देखी नहीं गई है), फरदर डिटेल्स नोट करें, डायमेंशंश नोट करें और आप सारे लोग इस पर फोकस करें।” 

‘इंटरनेशनल एस्टीरोइड नेट वर्क’ दुनिया भर में फैले 1300 लो फीक्वेंसी रेडियो टेलिस्कोप की एक श्रंखला थी जिन्हें एक नेटवर्क में जोडा गया था। चूंकि ये सारे के सारे “नियर अर्थ आब्जेक्ट्स” “माइक्रोवेब” या “वेरी लो फ्रीक्वेसी” रेडिएशन ही उत्सर्जित करते हैं इसलिए कभी-कभी तो ऐसा होता है कि इनकी उपस्थिति का तब तक पता नहीं लगता है जब तक कि ये एक दम पृथ्वी से टकराने की स्थिति में नहीं आ जाते हैं। इसलिए नासा ने एक पहल की। अमेरिकी  सीनेट ने जब ‘स्पेसगार्ड कार्यक्रम’ घोषित किया तो दुनिया के कई देशों ने इसकी तर्ज पर इस प्रकार के कार्यक्रमों की की घोषणा कर डाली क्योंकि सबका उददेश्य एक ही था, ऐसी आसमानी मुसीबतों की पूर्व जानकारी और समय रहते इनसे बचाव। नासा ने दुनिया भर में प्लानिंग करके ऐसे लो फ्रीक्वेंसी टेलिस्कोप की श्रंखला स्थापित की और खुद इसका कोआर्डीनेशन करने का उत्तरदायित्व संभाला। माइक स्टीव इसी कोओर्डीनेशन आफिस के प्रमुख थे। 

“हार्पर क्या हम एक क्विक प्रेस कांफ्रेंस बुला सकते हैं?”, स्टीव ने अपने सहायक हार्पर की ओर मुड़ते हुए कहा। 

“यस गिव मी थर्टी मिनट्स एंड इट्स देयर।” स्टीव ने हार्पर को अंगूठा दिखाया, पास रखे काफी बू्रयर से एक कप काफी निकाली और स्क्रीन पर दोबारा नजरें गढ़ा दीं।

13 जनवरी 2788-वह प्रेस कांफ्रेंस

 हार्पर ने अपने कम्प्यूटर पर कुछ बटन दबाए। सामने कॉंटेक्ट परसन की लिस्ट थी। उसने करीब 20 इंटरनेट चैनल्स, 50 टीवी चैनल, कुछ स्ट्रेटजी प्लानर, पोलिटीशियन को अपने कॉंटेक्ट में लिया। करीब-करीब 100 लोगों की लिस्ट तैयार थी। हर एक के लिए एक अलग-अलग कोड और एक मिनट का टाइम स्लॉट दे दिया। ऐसी कांफ्रेंस में किसी प्रतिभागी का ‘ऑडियो आउटपुट’ उसके ‘एलॉटेड टाइमस्लॉट’ में ही ओपेन होता था इसलिए जब एक व्यक्ति बोल रहा होता तो बाकी सारे लोग उसकी बात को सिर्फ शांति से सुन सकते थे, उसमें व्यवधान उत्पन्न नहीं कर सकते थे। 

“हंड्रेड पार्टीसिपेंट्स’ सो इट्स एराउंड टू हावर्स बोरिंग जॉब।” हार्पर बुदबुदाया। 


थोडी ही देर में कांफ्रेंस की तैयारी हो गई। यह एक अजीब सी प्रेस कांफ्रेंस थी। एक विशाल कमरे में सिर्फ हार्पर और माइक स्टीव एक बडी मेज के किनारे बैठे थे। मेज पर बहुत सारे स्विच और बटन लगे थे। इसमें सिर्फ दो बोलने वाले लोग थे, न कोई सवाल करने वाला था और न कोई दर्शक।

“आर यू रेडी हार्पर?”

हार्पर ने आस-पास के स्विचों को ध्यान से देखा और फिर अपना अंगूठा उठा कर दिखाया।  

“रेडी, शुरू करें?”

हार्पर ने कुछ बटन दबाए। सामने की विशाल दीवार एकाएक प्रकाशित हो उठी। वास्तव में वह दीवार सी दिखने वाली संरचना एक विशालकाय मानीटर की स्क्रीन थी। पूरी स्क्रीन अब सैकडो छोटे-छोटे टुकड़ों में बंट रही थी। अब हर टुकड़े में एक चेहरा दिखने लगा था। स्क्रीन पर हार्पर के चुने 100 लोग नजर आने लगे थे। ये सारे लोग हार्पर के कमांड पर सीधे-सीधे हार्पर से जुड़ सकते थे।

“गुड मार्निंग एबरी बडी............आइ एम माइक स्टीव, हेड ऑफ इंटरनेशनल एस्टीरॉइड वार्निंग नेटवर्क”। आज मैने आपको एक ऐसी खबर देने के लिए बुलाया है जो हम सबके होश उड़ा सकती है, सबकी रातों की नींदें हराम कर सकती है, क्यों हार्पर?”

“हां माइक, हमने एक ऐसे उल्का-पिंड को देखा है जैसा आज तक कभी देखने में नहीं आया है।“

स्क्रीन पर दिख रहे चेहरों पर आश्चर्य के भाव उभरे।

“मैं वर्ल्ड न्यूज टाइम्स से आर्नोल्ड फ्रोस्ट, पहेलियां मत बुझाओ माइक, खुल कर बताओ।

“मैं पहेलियां नहीं बुझा रहा, इस उल्का-पिंड को देख कर मुझे खुद ताज्जुब हो रहा है। इस उल्का-पिंड का व्यास है 1,300 किलोमीटर, एक हजार...........तीन सौ किलोमीटर के लगभग“, माइक स्टीव ने एक एक शब्द पर जोर देते हुए कहा।

“एक हजार तीन सौ किलोमीटर......अविश्वसनीय ”, यह स्क्रीन पर दिख रहे एक खगोलविद् की आवाज थी, “यह तो एक माइनर प्लेनेट जितना बडा है।”

“मिस्टर हार्पर इतना बडा उल्का-पिंड आखिर यहां तक कैसे पहुचा? इतना विशाल होने के कारण इसका एक अच्छा खासा गुरूत्वाकर्षण बल होगा फिर यह बृहस्पति ग्रह के गुरुत्वाकर्षण बल से बचकर यहां तक कैसे आया होगा, क्योंकि ज्यादातर उल्काओं को तो बृहस्पति ग्रह ही अपने अपने वातावरण में खींच लेता है और पृथ्वी की रक्षा करता रहता है।“ यह प्रख्यात खगोलविद एलिस मोर्गन थे।

“जी मिस्टर मोर्गन, यह बात ही हमें यह सोचने पर मजबूर कर देती है यह उल्का या छोटा प्लेनेट जो भी  कह लो, एस्टीरॉइड बेल्ट का हिस्सा नहीं है, क्यों माइक।

“हां हार्पर क्योंकि एस्टीरॉइड बेल्ट में तो सिर्फ चार बडे उल्का-पिंड ही हैं जो पूरी  बेल्ट के आधे के बराबर हैं। इसके सबसे बडे उल्का पिड ‘सेरेस’ का व्यास भी मात्र 952 किलोमीटर ही है, बाकी के तीन; वेस्टा पल्लास और हाइजिया तो 600 किमी0 से भी कम व्यास के ही हैं।”

“यह एस्टीरोइड बेल्ट क्या?“  वर्ल्ड टाइम्स के पत्रकार ने अपनी उत्सुकता जाहिर की।

“ओह, मंगल और वृहस्पति ग्रह के बीच यह अंतरिक्ष का एक ऐसा भाग है जिसमें हजारों छोटे-बडे उल्का-पिंड भ्रमण करते रहते हैं। जब भी कभी कोई उल्का-पिंड इससे भटक कर किसी और कक्षा में सूर्य की परिक्रमा करने लगता है तो यह पृथ्वी के लिए खतरा बन सकता है।” हार्पर ने सरल शब्दों में समझाने की कोशिश की।

“खतरा, खतरा क्यों?” एक रूसी पत्रकार की आवाज आई।

“गुड मार्निग ग्रेगरी, जब यह उल्का-पिंड किसी ऐसी कक्षा में सूर्य का चक्कर लगाने लगे कि उसकी कक्षा हमारी पृथ्वी या किसी अन्य ग्रह की कक्ष को काटने लगे तो ऐसे उल्का-पिंड की उस ग्रह से मुठमेड़ हो सकती है।“

“तब इन्हें आप ‘नियर अर्थ ऑब्जेक्ट’ कहने लगते हो, क्यों हार्पर?”

“हा ग्रेगरी, नियर अर्थ ऑब्जेक्ट या पोटेंशियली हार्मफुट ऑब्जेक्ट।”

“पर मेरी जानकारी के अनुसार बहुत सारे पिंड ‘काइपर बेल्ट’ से भी आते हैं, क्यों माइक?” भारत टाइम्स के पत्रकार ने अपनी जानकारी साझा करने की कोशिश की।

“हां कृष्णन बहुत सारे नहीं, कुछ; दरअसल सूर्य से तीस खगोलीय इकाई से 50 खगोलीय इकाई तक के अतंरिक्षीय क्षेत्र में यह काइपर बेल्ट फैली है।” 

“यह खगोलीय इकाई क्या?”

“सूर्य से पृथ्वी तक की दूरी को एक खगोलीय इकाई कहते हैं।”

“कृष्णन जी, इस काइपर बेल्ट के पिंडों को ‘कॉमेट’ या ‘पुच्छल तारा’ कहते हैं। वैसे तो यह एस्टीरॉइड बेल्ट जैसी ही होती है पर यह उसके मुकाबले सैकडों गुनी बड़ी होती है। दूसरे एस्टीरोइड बेल्ट के उल्का पिंडों की तरह इसके पिंड पत्थर और धातु के नहीं वरन् जमी जलवाष्प, अमोनिया और मीथेन के बने होते हैं।

“ओह तभी पृथ्वी के वातावरण से गुजरते समय गर्म होकर इन से गैसें निकलने लगतीं हैं जो इसकी पूंछ की तरह नजर आतीं हैं।”  

“इसीलिए इनसे पृथ्वी या किसी अन्य ग्रह को आमतौर पर कोई नुकसान नहीं होता।” माइक ने इस चर्चा को विराम देते हुए कहा।

“पर माइक इतना बड़ा, 1,300 किलोमीटर व्यास का उल्का-पिंड आया कहां से होगा, कोई सुझाव, कोई थ्योरी?” भारतीय खगोलविद् ने बात को पटरी पर लाते हुए कहा?

माइक स्टीव ने मुह टेढ़ा कर के हाथ झटके, जैसे कह रहा हो मुझे नहीं मालूम?

मेक्सिकन खगोलविद एंटोनियो ने उंगली उठाई, “आज से करीब साढे छह सौ साल पहले, इक्कीसवीं सदी में हमारे सौर मंडल के आस पास एक आवारा ग्रह देखा गया था। इसको तब सी.एफ.बी.डी.-2149 कहा जाता था।

“आवारा ग्रह?” पोर्टोरिको से आए एक शोध छात्र ने टोका।

हार्पर ने मोर्चा संभाला,“आवारा ग्रह ऐसे बड़े ग्रह होते हैं जो किसी स्थिर तारे का चक्कर नहीं लगाते, जैसे कि हमारी पृथ्वी सूर्य का चक्कर लगाती है। यह माना जाता है कि या तो ये आवारा ग्रह किसी कारण से किसी सौर मंडल से भटक कर बाहर निकल गए या फिर सौरमंडल के निर्माण के समय इनका भी निर्माण हुआ था और ये एक स्थिर तारा बनते बनते रह गए और किसी सौरमंडल का हिस्सा नहीं बन पाए।”

“इसीलिए इनकी कोई निश्चित कक्षा नहीं होती है, तभी हम इन्हें ‘आवारा ग्रह’ कहते हैं।” स्टीव ने बात पूरी की।

मेक्सिन खगोलविद ने फिर अपनी बात शुरू की “पिछिले सौ सालों में इसे फिर किसी ने नहीं देखा। मेरे अपने निरीक्षणों में मैने एक एक्स्ट्रा-सोलर बॉडी अपने निकटतम सौर मंडल ‘अल्फा सेंटोरी’ में देखी है।”

“मैने आपकी वह रिपोर्ट पढ़ी है।” स्टीव ने कहा।

“कहीं ऐसा तो नहीं कि यह वही आवारा ग्रह है जो भटक कर अल्फा सेंटोरी गेलेक्सी में पहुचा हो और उसके किसी ग्रह से टकराया हो?”

“और अल्फा सेंटोरी के उस ग्रह का एक बहुत बड़ा भाग टूट कर अलग हो गया हो और अपनी कक्ष से छिटककर उस सौर मंडल से बाहर निकल गया हो?” हार्पर ने बात पूरी की, “यही न?“

“हां, क्यों, क्या ऐसा नही हो सकता“, एंटोनियों ने तर्क दिया, “आखिर हम यह मानते हैं कि नहीं कि हमारा चंद्रमा भी इसी तरह किसी बड़े ग्रह के पृथ्वी से टकराने से बना होगा। यह  बात और है कि वह अपना सौर मंडल छोड़ कर बाहर नहीं निकल गया। पर यदि टक्कर बहुत जोरदार हो तो........ ”

“तो वह बड़ा टुकड़ा अपने सौर मंडल से बाहर निकल भी सकता है।” माइक स्टीव ने बात पूरी की। 

“अब इसके बारे में महत्वपूर्ण सूचनाएं”, हार्पर ने कहना शुरू किया, “हमने इसको ‘आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788’ नाम दिया है। इसकी कक्षा हमारी पृथ्वी की कक्षा को काटती है। 10 जनवरी 2788 को यह हमारी पृथ्वी से पाइंट जीरो जीरो फोर टू फाइव एस्ट्रोनोमीकल यूनिट्स की दूरी से गुजरा है। हमारे पत्रकार भाइयों के लिए 6 लाख 36 हजार मील दूर से, माइक तुम कुछ कहना चाहोगे? ”

“धन्यवाद हार्पर, नियर अर्थ ऑब्जेक्ट आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 को टोरिनो स्केल की रेटिंग 6 दी गई है। इसके पृथ्वी से टकराने से चांस टू पाइंट सेवन परसेंट हैं।”

“व्हाट?” भारतीय खगोलविद डॉ. राघवेन्द्र की आवाज आई।

“यस डॉ. राघवेन्द्र, यह चिंता का विषय है। इसका पृथ्वी से अगला क्लोजेस्ट एनकाउंटर बीस साल बाद 2808 में होगा, ट्वेंटी ईयर्स लेटर।”

“टोरिनो स्केल 6 का क्या मतलब है?” एक ब्रिटिश पत्रकार की जिज्ञासा थी।

“यह उल्का-पिंड से होने वाली आपदा के अनुमान का पैमाना है। जब कोई बहुत बड़ा उल्का-पिंड पृथ्वी से टकरा कर वैश्विक स्तर पर विनाश करने की क्षमता रखता हो, पर यह निश्चित न हो कि टक्कर कब होगी, होगी भी या नहीं और यह पिंड पृथ्वी के बहुत पास से गुजर रहा हो तो इसे टोरिनो स्केल 6 में रखते है। ऐसे उल्का पिंडो की लगातार निगरानी की जाती है और इस टक्कर  से बचने के लिए विश्व की सरकारों के सम्मिलित योजनाओं की आवश्यकता होती है।”

“ओह, गॉड, मतलब पृथ्वी खतरे में है।” किसी ने स्क्रीन पर लाइव होते हुए गहरी सांस खींची।

13 जनवरी 2788- प्रेस कांफ्रेंस के बाद

प्रेस कांफ्रेस दो की जगह दो घंटे 46 मिनट तक चली क्योंकि इसमें माइक स्टीव व हार्पर को काफी सारी बातें स्पष्ट करनी पड़ीं थीं। इसकी मुख्य कारण यह था कि जिस उल्का-पिंड को उन्होने पहचाना था उतने बडे उल्का-पिंड का खगोल विज्ञान साहित्य में कोई उल्लेख नहीं था। आज से 6 करोड 50 लाख साल पहले वह उल्का-पिंड जिसने भीमकाय डायनासोरों का अस्तित्व मिटा दिया था, जिसने पृथ्वी पर से 90 प्रतिशत से अधिक जीवित प्राणियों और वनस्पतियों को नष्ट कर दिया था उसका व्यास मात्र 11 किलोमीटर था। 2 खरब मीट्रिक टन  का यह उल्का-पिंड जब 70 हजार किलोमीटर की गति  से पृथ्वी से टकराया तो हिरोशिमा पर गिराए गए पहले परमाणु बम से 10 करोड गुना ज्यादा उर्जा पैदा हुई थी।

“बहुत थक गए हो स्टीव, लो एक कप गरमा-गरम काफी।” अपने हाथों में काफी के दो कप पकड़े हार्पर ने स्टीव के कंट्रोल रूम में प्रवेश किया।

“नही हार्पर थका नहीं, मैं तो यह सोच रहा था कि आज से 6 करोड़ 50 लाख वर्ष पहले सिर्फ 11 किलोमीटर व्यास के एक उल्का-पिंड ने पृथ्वी के 90 प्रतिशत जीवित प्राणियों का नामो-निशान मिटा दिया था तो यह भारी भरकम 1,300 किलोमीटर व्यास का उल्का पिण्ड पृथ्वी का क्या करेगा?”

“अगर टकराया तो न?”

“पर टकरा तो सकता है।”

“देखो स्टीव उस उल्का-पिंड ने डायनासोरो का नामोनिशान तो मिटा दिया था पर उसके के कारण ही हम प्राइमेट्स पृथ्वी पर पनपे। उसी उल्का-पिंड टकराने के कारण ही हम मानव पृथ्वी पर विकसित हो सके हैं नहीं तो आज भी भीमकाय डायनासोर पृथ्वी पर चिंघाड रहे होते।”

“वह तो ठीक है हार्पर पर इस उल्का-पिंड की बात ही अलग है। जानते हो इससे जो इम्पेक्ट क्रेटर बनेगा उसका आकार पृथ्वी के आकार के बराबर होगा। मतलब उल्का टकराने से पृथ्वी की करीब-करीब पूरी ऊपरी सतह टूट कर वातावरण में बिखर जाएगी।”

“इससे ज्यादा भी हो सकता है कि पृथ्वी से कोई टुकडा ही टूट कर अलग हो जाए।”

“ऐसे में जानते हो क्या होगा हार्पर? पृथ्वी का पूरा भौगोलिक नक्शा ही बदल जाएगा। सूर्य से आने वाली प्रकाश किरणों का कोण बदलने से ठंड़े धुवीय क्षेत्र कहो गर्म प्रदेशों बदल जाएं, भूमध्य रेखा पर वर्फ पड़ने लगे, रेगिस्तान बर्फ से ढंक जाएं, समुद्रों के स्थान पर पहाड़ बन जाएं और पहाडों की जगह समुद्र।”

“बडी दूर की कौड़ी लाए हो स्टीव, सोचो तो बहुत कुछ हो सकता है।”

“हां पर एक बात तय है कि यदि यह उल्का-पिंड पृथ्वी से टकराया तो पृथ्वी पर से मानवों को सफाया तो शत-प्रतिशत निश्चित है। हो सकता है पृथ्वी पर से जीवन ही समाप्त हो जाए फिर सब कुछ वैसे ही शुरू हो जैसे अरबों साल पहले शुरू हुआ होगा, ए न्यू चेन आफ लाइफ।” हार्पर को इस चर्चा में मजा आने लगा था।

“सोचो स्टीव 6 करोड 50 लाख वर्ष पहले जब डायनासोर पृथ्वी से समाप्त हुए तो प्राइमेट्स से हम मानवों को  विकसित होने का मौका मिला। अगर अगले सौ दो सौ वर्ष में यह उल्का-पिंड पृथ्वी से टकरा जाए और जैसा कि तुम सोचतो हो कि मानव की जाति पृथ्वी से विलुप्त हो गई तो विकास में इसके बाद कौन आ सकता है।”

“क्या पता?” स्टीव ने बेचारगी में हाथ हिलाए, “इस वक्त हम मानवों यानि होमोसेपियंस के समकक्ष क्षमता वाली दो संभावित प्रजातियां दिखती हैं एक तो रोबो सेपियंस या फिर हमारी बनाई एंड्रोसेपियंस।”

अठ्ठाइसवीं शताब्दी में विज्ञान और तकनीकी विकास का आलम यह था कि मस्तिष्क को छोड़ कर शरीर के हर अंग के रोबोटिक इंप्लांट उपलब्ध थे। जिन्हें वास्तविक अंग के स्थान पर लगवाया ही नहीं, बार-बार बदलवाया भी जा सकता था। लोग तो कभी-कभी फैशन के तौर पर प्राकृतिक अंग के स्थान पर रोबो इंप्लांट लगवा लेते थे। मानवों की इस श्रेणी को रोबोसेपियंस कहा जाता था। यह मनुष्य के सबसे नजदीक थे क्योंकि जिंदा रहने के लिए इन्हें आक्सीजन की आवश्यकता पड़ती थी। सामान्य जन इन्हें ‘ब्रीदर रोबो’ या ‘सांस लेने वाले रोबोट’ भी कहते थे। इसके अलावा होमोसेपियंस के विरोध के बाद भी कृत्तिम बुद्धि के साथ मानव जैसे दिखने वाले रोबोट की एक प्रजाति अस्तित्व में आ गई थी जो अभी तो मानव के नियेत्रण में थे पर कभी भी मानवों के विरूद्ध उठ खड़े हो सकते थे। वह स्वयं अपनी जैसी मशीनों का निर्माण कर सकते थे यानि एक तरह से उनके पास ‘मशीनी प्रजनन क्षमता’ थी। उनकी ग्राफीन की बनी त्वचा बेहद मजबूत थी उनकी बैट्री, गरमी, प्रकाश ध्वनि या हवा की गति से चार्ज हो सकती थी। यदि कोई उनके पास से गुजरे तो हवा के अणुओं के कंपन से भी वे अपनी बैट्री को चार्ज कर सकते थे। सबसे बड़ी बात यह थी कि अपने अस्तित्व को बनाए रखने के लिए उन्हें आक्सीजन की आवश्यकता नहीं थी। इन्हें वैज्ञानिक भाषा में एंड्रोसेपियंस कहा जाता था। सामान्य जन इन्हें ‘नॉनब्रीदर्स रोबोट’ के नाम से जानते थे। होमोसेपियंस और रोबोसेपियंस की तरह एंड्रोसेपियंस को मानव की तीसरी प्रजाति की तरह स्वीकार कर लिया गया था। एंड्रोसेपियंस अब नागरिकता की मांग करने लगे थे। वे चाहते थे कि उन पर लगा मशीनों का लेबिल हटा कर उन्हें मानवों की तरह ही समाज का अंग स्वीकार कर लिया जाए और मानवों की तरह ही देश का नागरिक मानकर उन्हें नागरिकों के सारे अधिकार मिलें।

“क्या सोच रहे हो स्टीव?” हार्पर ने जैसे माइक स्टीव सोते से जगाया।

“देखो हार्पर, उन बिगड़ी परिस्थितियों में हम होमोसेपियंस ही सबसे कमजोर कड़ी हैं क्योंकि हमें अपने जीने के लिए आक्सीजन चाहिए.....आक्सीजन चाहिए तो स्पेस चाहिए। मान लो हम ऐसे में पृथ्वी के नीचे बंकरों में चले भी जाएं तो कितने लोग वहां रह सकेंगें? फिर उस समय उन विषाक्त गैसों में क्या हम जिंदा रह पाएंगे? रोबोसेपियंस का भी यही हाल होगा क्योंकि उन्हें भी आक्सीजन चाहिए।”

“और नॉन ब्रीदर्स एंड्रोसेपियंस?”

“दे आर हेविंग गुड चांस......क्योंकि उन्हें आक्सीजन नहीं चाहिए, विषैली गैसों के बीच भी वे जिंदा रह जाएंगे। उन्हें उतना स्पेस भी नहीं चाहिए इसलिए वे तो बंकरों में सामान की तरह ही स्टोर हो जाएंगे। तब उनकी बैट्री चार्ज होने के सारे साधन होंगे....गर्मी, ध्वनि, हवा की गति। फिर ग्राफीन की बनी उनकी त्वचा उन्हें इस सबसे भी बचा लेगी..............दीज बास्डर्ट विल सर्वाइव......दे विल विन दिस सर्वाइवल गेम.....।” स्टीव की आवाज में क्रोध और आंखों में नफरत के भाव स्पष्ट होने लगे थे । 

इन एंड्रोसेपियंस की चर्चा के समय हर होमोसेपियन ऐसा के साथ होता था क्योंकि उन्हें लगता था कि ये एंड्रोसेपियंस उनका हक मार कर आगे बढ़ रहे हैं। एक दिन इन्हीं नॉनब्रीदर्स रोबोट के हाथों उनका गौरव अधिकार, आधिपत्य सब कुछ छिन जाने वाला है। 

“काम डाउन स्टीव, हम तो सिर्फ खयाली पुलाव पका रहे थे। अभी हमारे जीवनकाल में ऐसा कुछ नहीं होने वाला है।”

“हार्पर यही तो होमोसेपियंन की कमी है। हम सिर्फ अपनी जिंदगी तक ही सोचते हैं। हम नहीं सोचते कि हम अपनी आने वाली नस्लों को इन भावनाविहीन एंड्रोसेपियंस की गुलामी करने के लिए छोड़े जा रहे हैं।”

21 जनवरी 2808-एक नई साइटिंग

पूर्वानुमानित समय से सात महीने पहले ही एस्टीरोइड आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788, 21 जनवरी 2808 को पृथ्वी से पाइंट जीरो-जीरो टू वन टू (0.00212) एस्ट्रोनोमीकल यूनिट्स यानि कि 3 लाख 15 हजार किलोमीटर दूर से गुजरा। इस बार उसकी कक्षा भी परिवर्तित थी। अबकी बार यह दूरी पृथ्वी से चंद्रमा तक की दूरी, 3 लाख 84 हजार किलोमीटर, से भी कम थी। खगोलविद पृथ्वी के आसन्न खतरे को भांप चुके थे। उन्होंने अबकी बार इसको टोरिनो स्केल 7 में रखने की सिफारिश की। अब आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 सिर्फ वैज्ञानिक कौतूहल का विषय ही नहीं था अपितु देशों के नीति निधार्रकों व आम जनता में चर्चा और चिंता का विषय बन चुका था। यह सोशल मीडिया पर सबसे चर्चित विषय था। वैज्ञानिकों ने अनुमान लगाया था कि उल्का-पिंड की सन् 2958 से 3008 के बीच कभी भी पृथ्वी से टकराने की संभावना सात प्रतिशत से अधिक है।

14 अगस्त 2838- एंड्रोसेपियंस के आधीन

13 अगस्त 2838 में को आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 फिर एक बार पृथ्वी के काफी पास से गुजरा। इस बार उसकी पृथ्वी से दूरी पृथ्वी से चंद्रमा की दूरी के आधे से भी कम थी। वैज्ञानिकों ने दावा किया कि उपग्रहों पर लगे यंत्रों ने इस समय पृथ्वी के “एक्सोस्फियर” (पृथ्वी की सतह से 700 से 1000 किलोमीटर का विरल वातावरण) में भारी उथल-पुथल रिकार्ड की है। उल्का-पिंड को लेकर पृथ्वी वासियों का डर अब बढ़ने लगा था। 

इधर देशों की सामाजिक संचरना में बड़े परिवर्तन हुए थे। एंड्रोसेपियस के पिछिले विद्रोह के बाद उनकी नागरिकता की शर्त मान ली गई थी। उनका रूतबा अब मशीनों की जगह नागरिकों का हो गया था। जब तक उनका स्टेटस मशीनों का था तब तक उन से दिन में बीस-बाइस घंटे तक काम ले लिया जाता था पर नागरिक का दर्जा पाते ही उन्होने प्रतिदिन 6 घंटे से अधिक काम करने से मना कर दिया और अन्य नागरिकों की तरह उन्हें सप्ताहांत में एक छुट्टी भी चाहिए थी जो वोट की भूखी सरकारों ने नागरिकता की तरह अपने स्वार्थ में खुशी-खुशी स्वीकृत कर दी थी। चूंकि वे ‘नॉन ब्रीदर्स’ थे इसलिए होमोसेपियंस और रोबोसेपियंस की तरह उनका बहुत समय नित्य क्रियाओं यथा भोजन, मलत्याग, निद्रा, स्नान आदि में बरबाद नहीं होता था। इसलिए उनके पास कार्य समाप्त होने के बाद समय ही समय था। इसे वे अपनी रिपेयरिंग में लगाते या फिर अपना प्रतिरूप उत्पन्न करने में, क्योंकि उन्हें पता चल गया था कि संख्या-बल ही अंततः जीत हार का निर्णय करता है। इसके बाद उन्होने वोट देने का अधिकार मांगा। चूंकि नाम के लिए ही सही पर अभी भी सरकार या ‘पावर कम्यूनिटी’  का चुनाव वोटिंग के आधार पर ही होता था। जो लोग इन एंड्रोसिपियस के कृत्तिम बुद्धि से सज्ज्ति मस्तिष्क को हैक करने में पारंगत थे, उन्होने इनके वोट के अधिकार का बढ़-बढ़कर समर्थन किया क्योंकि उन्हें उनके द्वारा नियंत्रित और भेड़ों की तरह हांका जा सकने वाला एक वोट बैंक मिलने वाला था। 

यहां संख्या बल जीता, अवसरवादियों की जीत हुई और अंततः एंड्रोसेपियंस को बोट देने का अधिकार मिला। वे संख्या में लगातार बढ़ रहे थे। वे ही अब सरकारों के चयन में जीत हार का फैसला करते थे। राजनीति में अब उनकी मांग बढ़ती जा रही थी। चूंकि वे नान ब्रीदर्स थे अतः उन्होंने हर क्षेत्र में आरक्षण की मांग उठाई जबकि इसकी सबसे अधिक आवश्यकता रोबोसेपियंस को थी क्योंकि वे शरीरिक दृष्टि से काफी कमजोर थे। रह गए होमोसेपियंस, उनपर जो एक बार सर्वश्रेष्ठ होने का ठप्पा लगा तो वे कहीं के नहीं रहे। आरक्षण की इस मांग पर खूब राजनीति हुई। हर पार्टी, हर राजनीतिज्ञ इन्हें ज्यादा से ज्यादा आरक्षण दिलवाने का वादा करने लगा क्योंकि संख्या बल के कारण ये किंगमेकर थे। तकनीकी विकास के चलते इन एंड्रोसिपियंस में भावनाओं का विकास होने लगा था इसलिए ये होमोसेपियंस से सब से ज्यादा चिढ़ते थे। रोबोसेपियंस से उनकी घृणा कम थी क्योंकि उनके शरीर में बहुत सारे रोबोटिक इंप्लांट्स के चलते ये अपने आप को उनके काफी निकट का समझते थे। अब तो कभी-कभी ये होमोसेपियंस, जिसने इन्हें ईजाद किया था, से झगड़े करने लगते थे जिनमें संख्या बल व सरकारी कृपा के चलते जीत एंड्रोसेपियंस की ही होती और सजाएं होमोसेपियंस के हिस्से में आतीं। अब तो सार्वजनिक रूप से इन एंड्रोसेपियंस को ‘नॉन ब्रीदर कहना दंडनीय अपराध की श्रेणी में आ गया था। कुल मिलाकर होमोसेपियंस ओर एंड्रोसेपियंस के बीच खाई बढ़ती जा रही थी। होमोसेपियंस इन तीनों में से सबसे प्रतिभाशाली होने के बावजूद भी आरक्षण के चलते उच्च पदों को पाने में असफल रहते या फिर उन्हें अपने से कम क्षमता वाले एंड्रोसेपियन के आधीन कार्य करना पड़ता था। होमोसेपियंस को लगने लगा था कि अब पृथ्वी पर उनके दिन गिने चुने हैं। अतः जब भी वे एंड्रोसेपियंस के बारे में बात करते तो अपनी घृणा छिपा नहीं पाते थे।

यद्वपि उस समय तक होमोसेपियंस की सामान्य आयु 100 से 150 वर्ष तक होती थी पर अब तक आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 से शुरूआत में जुड़े माइक स्टीव हार्पर और कई महत्वपूर्ण होमोसेपियंस काल कवलित हो चुके थे। इस समय भारत के प्रशांत कुमार इंटरनेशनल एस्टीरॉइड़ वार्निंग नेटवर्क के प्रमुख वैज्ञानिक थे और रूस के गुस्ताव चीफ कोआर्डीनेटर। एक एंड्रोसेपियन क्यूटिस आई-सिक्स इस आफिस का प्रमुख था। पदोन्नति में आरक्षण के कारण इस महत्वपूर्ण आफिस के प्रमुख की कुर्सी उसे मिली हुई थी। हालांकि वैज्ञानिक क्रिया कलापों में उसका योगदान न के बराबर था पर अपने कृत्तिम मस्तिष्क के हैकर आकाओं के निर्देश पर वह योजनाओं में अडंगा अवश्य लगाता था।

“गुस्ताव आज आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 के बारे में सबसे महत्वपूर्ण मीटिंग है, तुम पूरी तरह तैयार हो न?”   प्रशांत ने हड़बड़ी में कमरे में प्रवेश करते हुए कहा। 

“तैयार, पिछिले दो महीने से मैं सोते-जागते, उठते-बैठते उसी मीटिंग की तैयारी में ही जुटा हं। वैसे आज बहुत कुछ होने की संभावना है।”

“होनी भी चाहिए, आखिर यह पृथ्वी पर मानव के अस्तित्व से जुडा प्रश्न है। लगता है कि यदि शीघ्र ही कुछ न किया गया तो यह आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 पृथ्वी से टकरा कर रहेगा। हो सकता है समय का अनुमान कुछ आगे पीछे हो जाएं, क्यूटिस  की क्या खबर है?”

“वह हरामी तो जरूर वहां होगा। अपना रूतबा दिखाने का उसे इससे अच्छा मौका कहां मिलेगा? आखिर आज की मीटिंग में करीब-करीब सारे राष्ट्रों की गवर्निंग काउंसिल के प्रमुख, बडे़ एस्ट्रोफिजीसिस्ट डिजास्टर मैनेजमेंट के प्रमुख अधिकारी जो भाग लेने वाले हैं। 

“गुस्ताव यार तुम इतना गुस्सा मत हुआ करो। किसकी कितनी क्षमता थी, दुनिया के लिए किसने क्या किया इसका फैसला तो वक्त और हमारी आने वाली पीढ़ियां करेंगी। हमें तो निष्काम भाव से कर्म किए जाना है।”

“ए प्रशांत मुझे तुम अपनी इंडियन फिलोसफी न समझाओ। मैं वर्तमान में जीने का आदी हूं। मैं जो आज कर रहा हॅू उसका रिकोग्नीशन, उसकी तारीफ, मुझे आज ही  चाहिए। कीप योर कर्मयोगा विद यू..........।”

30 अगस्त 2848-सेलिब्रिटी बंकर

जनता में इस उल्का-पिंड के बारे में जानकारी जैसे-जैसे बढ़ती जा रही थी वैसे-वैसें जनता की प्रतिकिया उग्र होती जा रही थी। उन्हें लगता था कि ‘गवर्निंग काउंसिल’ कुछ नहीं कर रही है। वैज्ञानिकों ने कम्प्यूटर सिमुलेशन से 30 मिनट की एक फिल्म तैयार की थी जिसमें यह दिखाया गया था कि क्यों इस उल्का-पिंड की पृथ्वी से टकराने की संभावनाएं ज्यादा हैं, और यदि ऐसा हुआ तो कैसे पृथ्वी एक जलते नर्क में बदल जाएगी और कैसे कुछ ही दिनों में पृथ्वी पर से अधिकतर जीवित प्राणियों का नामोनिशान मिट जाएगा। यह फिल्म समय से पहले ही लीक होकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। सत्ता में शामिल और अन्य महत्वपूर्ण व्यक्तियों ने गुपचुप जमीन के नीचे बंकर बनवाने शुरू कर दिए थे। सुना तो यह भी गया कि सरकारी संस्थाएं भी गुपचुप लिस्ट बना रही हैं कि उल्का के पृथ्वी से टकराने के समय किस-किस को इन बंकरों में भेजा जाएगा। महत्वपूर्ण व्यक्तियों, वैज्ञानिकों, अपने-अपने क्षेत्रों के सफलतम् व्यक्तियों को इन में शामिल किया गया था। इसके अलावा फसलों के बीजों, महत्वपूर्ण पौधों की कलमों, कुछ चुनिंदा जानवरों, कीटों और प्रकृति के परिवर्तनों में सहायक जीवों को भी इसमें शामिल किया गया था। कुछ पुस्तकों के ई-संस्करण, अनुसंधानों के रिकार्ड, दवाइयां, पानी, पालतू जानवरों की कई किस्में, म्यूजिकल यंत्र, कई महत्वपूर्ण कलाकृतियों को भी इसमें शामिल किया गया था। उस समय के अति विकसित राष्ट्रों में इसके लिए बड़े-बड़े प्रोजेक्ट बनाए गए थे। जिन पर हजारों वैज्ञानिक रात-दिन काम कर रहे थे ताकि इस महाप्रलय के बाद श्रष्टि को दोबारा से शुरू किया जा सके। लोग गुपचुप जोड़-तोड़ लगाकर इन लिस्टों में शामिल होने के प्रयासों में भी जुटे थे। वैज्ञानिकों के द्वारा बनाई फिल्म को पढ़े-लिखे ही नहीं अनपढ़ लोगों, बच्चों, किशोरों, मजदूरों तक ने बार-बार देखा था। सामान्य जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही थी। उसे लगने लगा था कि उनके चुने जन प्रतिनिधि उनको ठगने में और अपने को बचाने में लगे है। अंततः जनता में प्रतिरोध के स्वर फूटने लगे। हर देश से विद्रोह, प्रदर्शनों और झडपों की खबरें आने लगीं। तब सत्ता पर काबिज लोगों को लगने लगाा था कि अब जनता भी फिल्म को एक हॉरर फिल्म की तरह से देख कर भूल जाने वाली नहीं है। अंततः उन्हें सक्रिय होना ही पड़ा क्योंकि अब जनता उनके सुरक्षित बकरों को तबाह करने का मन बनाने लगी थी।

14 सितम्बर 2858-विशेष फिल्म की स्क्रीनिंग

इतनी बड़ी मीटिंग होने के बावजूद आज भी एक बड़े परदे के सामने प्रशांत और गुस्ताव ही थे। क्यूटिस आई-6 ने अपने कमरे से ही मीटिंग में भाग लेने का फैसला किया था क्योंकि प्रशांत और गुस्ताव, दोनों के सामने वह अपने को असहज महसूस करता था। बिलकुल इसी तरह की सेटिंग हर देश में बनाई गई थी जिसे गुस्ताव और प्रशांत की तरह ही दो लोग मॉनीटर कर रहे थे। हर व्यक्ति अपनी जगह से ही मीटिंग में वीडियो कांन्फ्रेंसिंग की मदद से भाग ले रहा था। भौतिक रूप से किसी को भी मीटिंग रूम में आने की आवश्यकता नहीं थी। हर आफिस में भाषा के ऑटो-ट्रांसलेटर लगे थे जिस से लोग अपनी-अपनी भाषा में बात करके भी आपस में संवाद कर सकते थे। मीटिंग के प्रारंभ में एक फिल्म नेटवर्क पर लोड की गई जिसे 200 प्रतिभागियों ने अपने-अपने स्थान से देखा। अंत में प्रशांत की आवाज गूंजी, “दि अर्थ विल टर्न इनटू ए बर्निंग हेल। जो जगह उल्का के के डाइरेक्ट इम्पेक्ट से बच भी जाएंगीं उन्हें करीब-करीब 6,000 किमी प्रति घंटा की गति से चलता ‘इजेक्टा क्लाउड’ अपनी चपेट में लेकर तबाह कर देगा। इसके बाद शायद पृथ्वी पर जीवन की प्रक्रिया एक बार फिर से शुरू हो।”

सुनने वाले अवाक थे। परिस्थितियां इतनी भयावह होंगीं, उन्हें यह अनुमान न था। 

“इसका मतलब अर्थ बिल वी डूम्ड वन डे?” एक अफ्रीकी देश के प्रमुख ने प्रश्न किया।  

“शायद हां, अगर इसके लिए कुछ किया न गया तो।” प्रशांत कुमाार ने दृढ मगर शांत स्वर में उत्तर दिया।  

इस तरह के बहुत सारे प्रश्न एक एक करके पूछे गए। अंततः एक प्रश्न सबकी जुबान पर था कि अब क्या किया जाए? किस प्राकर पृथ्वी को बचाने के प्रयास किए जाएं?

बोलने का प्रारंभ प्रशांत ने किया। सबसे पहले तो हमें अपने व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर उठ कर सबके लाभ के लिए सोचना होगा। यह पूरी पृथ्वी के जीवित प्राणियों के अस्तित्व का प्रश्न है। हम इस फिल्म को हॉरर फिल्म की तरह देख कर भूल नहीं सकते।

”हो सकता है ‘फाइनल इम्पेक्ट’ में अभी शताब्दियों का समय हो पर इसके लिए हमें जो प्रयास करने हैं, उनके लिए इतना समय बहुत ज्यादा नहीं है।” गुस्ताव अपनी रूसी मिश्रित अंग्रेजी में बोल रहे थे।

सामने वाले परदे पर एक प्रख्यात खगोलविद् की तस्वीर एक्सपेंड हो कर पूर परदे पर फैली “गुस्ताव, आप ठीक कह रहे हैं। अगर आपके ग्रह से किसी उल्का-पिंड के टकराने का समय 100 वर्षों से कम रह गया है तो आप सिर्फ दो काम कर सकते हैं, या तो पृथ्वी छोड़ कर भाग जाइए या बैठ कर आसन्न-मत्यु की प्रतीक्षा कीजिए। 

अंततः सहमति बनी कि डिजास्टर मैनेजमेंट सांइस के विशेषज्ञ और खगोलविद् मिल कर बताएं कि इस आपदा की घड़ी में अनके पास क्या सुझाव हैं। इस के लिए विशेषज्ञों की मीटिंग एक महीने बाद रखी गई।

14 अक्टूबर 2858-डिजास्टर मैनेजमेंट की मीटिंग

प्रशांत, मैने सुना है कि पिछिले हफ्ते तुम्हारी हेड, क्यूटिस आई-6 से कहा सुनी हुई थी, क्या बात थी?” गुस्ताव ने उस कमरे में घुसते ही पूछा जहां प्रशांत आज की विशेषज्ञों वाली मीटिंग की तैयारी में जुटा था। 

“गुस्ताव, क्यूटिस आई-6 हीनभावना से ग्रसित हैं। आरक्षण ने उसे प्रमुख का पद तो दे दिया पर अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों के बीच बोलने की काबिलियत कहां से लाएगा?”

“पर हुआ क्या था?”

“कुछ नहीं, कह रहा था कि तुम लोगों ने मेरे इंट्रोडक्शन के बिना मीटिंग शुरू कर दी।”

“तो.....”

“वह यह चाहता था कि मीटिंग शुरू होने से पहले हम उसे इंट्रोड्यूस करते। वह बताता कि वह इस संस्थान का प्रमुख है और हम उसके आधीनस्थ हैं। फिर सब को वेलकम करके व्यस्तता का बहाना करके वह हम पर मीटिंग की कार्यवाही हम पर छोडकर चल देता...........बास्टर्ड।”

“तो तुमने क्या उत्तर दिया?“

“हमने कहा सर अबकी बार आप ही मीटिंग को कोओर्डीनेट कर लें, बाकी हम तो आप के पीछे-पीछे हैं ही। ” 

“फिर?”  

“फिर क्या, लगा हकलाने,....आरक्षण से ओहदा मिल सकता है अक्ल नहीं.....मैने सोच लिया है कि आज हो ही जाए। लगता है वह आ गया है चलो कांफ्रेस रूम में चलते हैं।”

 हर बार की तरह यह कांफ्रेस भी वीडियों कांफ्रेस ही थी। क्यूटिस आई-6, प्रशांत और गुस्ताव तीन लोग ही कमरे में मौजूद थे। स्क्रीन ऑन हुई और सौ लोगों के चेहरे स्क्रीन पर चमकने लगे। अपनी योजना के अनुसार क्यूटिस ने पहले संस्थान के प्रमुख की तरह अपना परिचय दिया फिर सब प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कांफ्रेस की बागडोर प्रशांत के हाथ में सौप दी। प्रशांत ने क्यूटिस की एक अर्थपूर्ण दृष्टि से देखा मानो कह रहे हों, “आज देखना कैसे घसीटता हॅू मैं तुझे?”

“गुस्ताव ने अपने आप को इंट्रोड्यूस करके कहना शुरू किया, आप सब जानते हैं कि अप सब विशेषज्ञों को आज की इस मीटिंग में क्यों बुलाया गया है। हर साइटिंग पर एस्टीरॉइड आई.ए.डब्लयू.एन 2788 की पृथ्वी से दूरी कम होती जा रही है। इसीलिए अब उसकी टोरिनो रेटिंग बढ़ा कर कर 7 दी गई है। यानि कि यदि यह उल्का-पिंड पृथ्वी से टकराया तो पृथ्वी महान विभीषिका की शिकार होगी। हम वैसे भी आपसी मतभेदों में काफी समय बरबाद कर चुके हैं। अब इससे निपटना हमारी पहली प्राथमिकता है नहीं तो पृथ्वी पर जीवन का अस्तित्व निश्चित रूप से समाप्त हो जाने वाला है। आज की यह आपातकालीन बैठक इसीलिए बुलाई गई है कि आप लोग मिल कर यह तय करें कि इस आने वाली मुसीबत से कैसे निपटा जाए? 

“मैं सबसे पहले इस पर इंटरनेशनल एस्टीरोइड वार्निंग नेटवर्क के प्रमुख श्रीमान क्यूटिस आई-6 जी के विचार जानना चाहूंगा।” जी शब्द पर काफी जोर देते हुए प्रशांत ने कहा। 

गुस्ताव सिर नीचा करके धीरे-धीरे मुस्करा रहा था माना कह रहा हो कि अब आया ऊंट पहाड़ के नीचे।

क्यूटिस आई-6 इस उद्घोषणा से हड़बड़ा गया। वह इस तरह की स्थिति के लिए प्रोग्राम होकर नहीं आया था। उस ने माइक्रोफोन संभाला, “जब खतरा इतना बड़ा है कि उससे निपटना मुश्किल है और यह जल्दी ही आने वाला है तो बेहतर यही होगा कि हम पृथ्वी छोड़ जाएं........जल्द से जल्द इस पृथ्वी को खाली कर दें।” 

अब प्रशांत भी अपनी मुस्कराहट छिपा न सका। स्क्रीन पर के सेक्शन में दिखते चेहरों पर एक मुस्कान आई जिसका तात्पर्य था, “देखा क्या बेवकूफी की बात कर रहा है, यह?” 

बहुत सारे होमोसिपयंस और रोबोसेपियस यह भी सोच रहे थे कि देख लिया, आरक्षण हमें कहां ले जा रहा है? इतने संवेदनशील स्थानों पर कैसे-कैसे अयोग्य व्यक्ति अधिकार जमाए बैठे हैं?

स्क्रीन पर बहुत से खानों में लाल प्रकाश बिंदु लपलपाने लगे थे मतलब वे लोग क्यूटिस के प्रत्युत्तर में कुछ कहना चाहते थे। गुस्ताव ने लोगों को एक एक करके लाइव करना शुरू किया।

“मुझे श्री क्यूटिस का सुझाव व्यवहारिक नहीं लगता। मंगल पर हमने जो बस्ती बसाई है उसके कृत्तिम वातावरण को बनाने में हमें बहुत समय लगा है और उस पर भारी धनराशि खर्च हुई है। उस कृत्तिम वातावरण को बनाए रखने के लिए हमें हर साल कितना खर्च करना पड़ रहा है जबकि उस बस्ती के निवासियों की संख्या सिर्फ लाखों में है। कुछ थोड़े से लोग ही टाइटन पर रहे हैं। यानि कि हमने पृथ्वी के अलावा जो बस्तियां बताई हैं वे कमोवेश प्रायोगिक स्तर पर ही हैं। ऐसे में पृथ्वी की पूरी आबादी को ले जाकर कहीं और बसाना साथ में उनके पूर इकोस्पीयर को ले जाना.....नेक्स्ट टू इम्पॉसीबल.....वह भी इतने कम समय में। इसमें हजारों वर्ष लगेंगे.......इट्स ए डे ड्रीमर्स व्यू“ वेनेजुएला के खगोलविद् ने लगभग उपहास करते हुए कहा।

क्यूटिस कोई उत्तर नहीं दे पाया।  

प्रशांत ने बात का सूत्र हाथ में लेते हुए कहा, “आप ठीक कह रहे हैं ब्रोन्सन महोदय, पृथ्वी के बायोस्फीयर को किसी ओर ग्रह पर निर्मित करना तो बहुत बड़ा कार्य है ही पर मेरा तो यह भी मानना है कि इतने कम समय में इतने सारे लोगों को किसी और ग्रह पर विस्थापित कर पाना भी असंभव है। हमारे अब पास समय भी नहीं है...मौत तो उससे पहले ही आने वाली है।

इस बार लाइव होने वाला व्यक्ति पाकिस्तान का मशहूर एस्ट्रोफिजिस्टि खान था, “हम कई राकेट्स पर लोड करके बडे-बड़े थर्मोन्यूक्लीयर बम स्पेस में भेज सकते है। जैसे ही ये राकेट उस उल्का-पिंड से टकराएं, ठीक उसी समय हम इन बमों को एक्टिव करें। इतने बडे आघात से निश्चय ही उस उल्का-पिंड की कक्षा बदल जाएगी और यह फिर कभी पृथ्वी की कक्षा को क्रॉस नहीं करेगा।”

“नाइस आइडिया।” सउदी अरब की गवर्निंग काउंसिल के प्रमुख ने लाइव होते हुए कहा। हम इसमें आपसी सहयोग करें। अपनी-अपनी क्षमता के हिसाब से हर देश का इसमें योगदान हो। मैं अपने देश की तरफ से 600 बिलियन डालर का सहयोग करने के लिए तैयार हूं। 

अगले ही क्षण एक बैलास्टिक एक्सपर्ट लाइव हुए, “यह सुझाव, मुझे लगता है कि हमें किसी बडे खतरे में डाल सकता है। माना कि हमारे पास इतने नाभिकीय हथियार हैं। हमारे पुराने प्रोब मिशंस से यह भी तय हो गया है कि यह उल्का चट्टानी है, जिसमें लौह तत्वों और निकिल की प्रधानता है पर बहुत हद तक संभव है कि इतने बड़े विस्फोटों से अपनी कक्षा से विचलित होने के साथ-साथ इस उल्का के कई टुकड़े हो जाएं यानि कि मुसीबत कई गुनी हो जाए।” 

“उल्का का आकर इतना बड़ा है कि गणना के अनुसार इस उल्का-पिंड की घूर्णन उर्जा करीब एक ओक्टीलियन (1027) जूल ठहरती है। अब तक उपलब्घ किसी नाभिकीय आयुध की विस्फोटक क्षमता 1010 या 100 क्वाड्रीलियन जूल से अधिक नहीं है। इस उल्का की कक्षीय उर्जा तो इससे हजारों गुना ज्यादा होगी। इसके लिए जितने नाभिकीय आयुध जुटाने पड़ेंगे उससे करीब-करीब सारे देशों के नाभिकीय आयुधों के भंडार खाली हो जाएंगे।” एक प्रख्यात खगोलविद् ने चेताया। 

“खतरे की इस घड़ी में भी कुछ देश इस के लिए आसानी से तैयार होने वाले नहीं हैं। फिर इतने नाभिकीय आयुधों के एक साथ दागे जाने पर विकरण द्वारा पूरी पृथ्वी के प्रभावित होने का खतरा अलग होगा। ‘शॉक-वेव्स’ के चलते जो तूफान पृथ्वी पर आ सकता है उसकी विभीषिका भी पृथ्वी को तहस नहस कर सकती है। मैं सोचता हॅू कि इस उपाय को सबसे अंत के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए।” बैलास्टिक एक्सपर्ट ने राय दी।

सारे लोग इस विचार से सहमत थे। 

एक सुझाव तो यह भी आया कि बडे-बडे कई स्पेसक्राफ्ट्स पर लेसर-केनन (लेसर तोपें) स्थापित की जाएं जो इस पूरी उल्का की भाप बना दें। पर यह उल्का-पिंड इतना बड़ा था कि इसके लिए जितनी लेसर-कैनन की आवश्यकता होती उतनी तो शायद न इतनी जल्दी बनाई जा सकती थीं और उल्का भी ऐसे पदार्थों की बनी थी जिन्हें आसानी से वाष्पित नहीं किया जा सकता था। एक अमेरिकी स्पेस एजेसी ने आज से करीब 40 वर्ष पूर्व एक सौर उर्जा चालित स्पेस क्राफ्ट इस उल्का-पिंड की परिक्रमा करने भेजा था उनका एक प्रतिनिधि अब लाइव हो रहा था, “हमने वासीमर-3 नाम का एक सौर उर्जा चालित अंतरिक्षयान 13 सितम्बर 2818 को प्रक्षेपित किया था। यह अंतरिक्ष यान तब से एक विशेष स्थिति में उस उल्का-पिंड की परिकमा कर रहा है।”

“पर इससे क्या होगा?” एक वियतनामी पत्रकार का प्रश्न था।

“इस को ‘ग्रेविटी-ट्रेक्टर’ कहते हैं। जब इस अंतरिक्षयान के एग्जॉस्ट उल्का-पिंड की कक्षा के लम्बवत् होते हैं तो यह उल्का-पिंड पर एक गुरूत्वाकर्षण बल प्रक्षेपित करते हैं जो परिमाण में छोटा जरूर होता है पर यदि बरसों यह किसी उल्का-पिंड पर लगता रहे तो एक बड़े उल्का-पिंड की भी कक्षा बदल भी सकता है।”

“पर यह पिंड तो लगातार पृथ्वी के नजदीक आता जा रहा है। क्या यह इस प्रयोग को गलत तरह से किए जाने के कारण तो नहीं हो रहा है।” यह एक भारतीय पत्रकार का खुराफाती वक्तव्य था।

 “नहीं।” यह आवाज गुस्ताव की थी, “दरअसल सूर्य का विकरण भी अंतरिक्ष में उल्काओं की कक्षा में परिवर्तन कर देता है। दिन में सूर्य के प्रकाश में यह उल्का गर्म होती है पर रात होते ही यह उस विकरण को बाहर निकालने लगती है। यह निकलता विकरण एक हलके थ्रस्टर का काम करता है जिससे उल्का की स्थिति में लगातार परिवर्तन होता रहता है। इसे ‘यार्कोवस्की प्रभाव’ कहते हैं। चूंकि यह उल्का-पिंड काफी बड़ा है इसलिए इसमे यह परिवर्तन साफ नजर आ रहा है।”

“मतलब हम यह मान लें कि आपकी यह युक्ति भी कारगर नहीं है।” एक वियतनामी पत्रकार ने अपने पत्रकारों वाले अंदाज में कहा।

“नहीं यह बात नहीं, इस धीमी प्रकिया द्वारा इतने बडे उल्का-पिंड को पृथ्वी की कक्षा से सुरक्षित दूरी तक विस्थापित करने के लिए जितने समय की आवश्यकता है उतना समय हमारे पास नहीं है।”

“तब?”

कोपेनहेगेन से पधारे डिजास्टर मैनेजमेंट गु्रप के प्रमुख मोनेट लार्सन ने सुझाया, “यदि हम इस उल्का-पिंड की कक्षा में विपरीत दिशा से एक तीव्र गति के अंतरिक्ष यानों को लाकर सीधे-सीधे उल्का-पिंड से टकरा दें तो शायद हम इसकी कक्षा बदल सकें।”

“बिलकुल ठीक फरमाया आपने श्री लार्सन, हम लोग इसे ‘काइनेटिक डिफलेक्शन’ कहते हैं पर इसमें सब से बड़ी बाधा इस उल्का-पिंड का बहुत बडा और भारी भरकम होना है। एक तो अंतरिक्ष में किसी अंतरिक्ष यान को कक्षा में सोलर बॉडीज़ की गति की दिशा के विपरीत एक्सीलेरेट कर पाना एक मुश्किल भरा काम है दूसरे इसे निशाना बांध कर लक्ष्य पर सही जगह टकरा पाना उससे भी कठिन कार्य है। मान लो हम ऐसा करने में कामयाब भी हो जाते है तो एक अंतरिक्ष यान को इतने बडे़ उल्का-पिंड से टकरा कर उसकी दिशा बदलना वैसे ही होगा जैसे कि हम एक मच्छर को सामने से तेज आती कार से टकरा कर यह उम्मीद करें कि कार की दिशा बदल जाएगी।” ब्रिटिश एस्टोफिजिसिस्ट राबर्ट फ्रीमैन ने व्यंग किया। 

“अंततः इससे बचने के लिए क्या किया जाएगा?” एक ब्रितानी पत्रकार ने पूछा, “या कि फिर हम हाथ पर हाथ धरे आसन्न मृत्यु की पृतीक्षा करते रहेंगे?”

“दिस इज ए मिलियन डालर क्वेश्चन, प्रमुख क्यूटिस आपके आफिस का इस बारे में क्या सुझाव है?”  एक मेक्सिन पत्रकार ने पूछा। 

क्यूटिस एक बार फिर मुश्किल में पड़ता दिखाई दिया पर अबकी बार यह सावधान था, बोला, “हमारे चीफ एस्ट्रोफिजिसिस्ट प्रशांत कुमार इस प्रोजेक्ट के लिए पूरी तरह डिवेाटेड हैं। बेहतर होगा कि हम उन्हीं से जानें कि इस बारे में हमारे नेटवर्क की कार्यकारी योजना क्या होगी?”

प्रशांत ने मुस्कराते हुए संवाद को आगे बढ़ाया, “धन्यवाद क्यूटिस, चूंकि यह उल्का-पिंड काफी बड़ा है इसलिए मुझे लगता है कि हमें इस पर कई उपायों को अपनाने के विकल्प खुले रखने चाहिए। जैसे कि ग्रेविटी-ट्रेक्टर इस पर पिछिले 40 वर्षों से कार्यरत है। मेरी राय में ‘डॉक एंड पुश एप्रोच’ अभी इस के लिए सबसे प्रभावी तरीका होगा।”

स्क्रीन पर कई चेहरों पर ऐसे भाव उभरे मानो वह कह रहे हों, “यह ‘डॉक एंड पुश एप्रोच’ क्या है?“

प्रशांत ने आगे कहना शुरू किया, “इस में हम कुछ अंतरिक्ष यानों को उल्का-पिंड पर स्थापित करेंगे। इन यानों में प्लाज्मा प्रोपल्शन इंजन होंगे जिसमें हम पानी को ईंधन के रूप में प्रयोग करेंगे। इन यानों के “पल्स इंडक्टिव थ्रस्टर’ से हमें 100 से 200 किलामीटर प्रति सेकेंड की ‘एग्जॉस्ट वेलोसिटी’ मिलेगी। ‘इस में हम कुछ अंतरिक्ष यानों को उल्का-पिंड पर स्थापित करेंगे। इनके एग्जॉस्ट से तीव्र गति से गैसें निकलेंगीं। हर क्रिया के विपरीत प्रतिक्रिया होती है। इस प्रतिक्रिया के फलस्वरूप ये यान इस उल्का पर एक बल लगाएंगे जो कालांतर में इसको कक्षा से विस्थापित कर सकता है। चूंकि समय कम है और उल्का-पिंड काफी बड़ा है इसलिए हम एक साथ 50 से 100 अंतरिक्ष यानों को एक फायरिंग लाइन पर स्थापित करेंगे।”

“यह आपातकाल है, पृथ्वी के अस्तित्व का प्रश्न है। सारे देशों को चाहिए कि वे अपने सारे खर्चों में कटौती कर अपने आय-स्रोतों को बिना किसी भेद-भाव के इस पर केंद्रित करें।” गुस्ताव ने अपील की।

“अब तक हमारे इस कार्पस फंड में 1200 ट्रिलियन डालर इकठ्ठे हो चुके हैं।” क्यूटिस ने अपने सामने रखीं फाइलों को पलटते हुए बताया।  

14 अक्टूबर 2858-श्वेतपत्र


विशेषज्ञों की मीटिंग के बाद एक श्वेतपत्र जारी किया गया। श्वेतपत्र में इस वैश्विक आपदा से निपटने की पूरी योजना विस्तार से समझाई गई थी। उसके अनुसार बड़े आकार के दो अंतरिक्ष स्टेशन पृथ्वी की निकटतम कक्षाओं में स्थापित किए जाएंगे। इनमें से एक अंतरिक्ष स्टेशन ‘डिजास्टर मेनेजमेंट स्पेस स्टेशन-1’ या ‘डी.एम.एस.एस.-1’ का काम अंतरिक्ष से इस उल्का-पिंड की निगरानी का होगा। डॉक एंड पुश वाले सारे अंतरिक्ष यान पहले इसी अंतरिक्ष स्टेशन पर डॉक किए जाएंगे बाद में स्थितियों का आकलन करके इन्हें उल्का-पिंड पर स्थापित कर के फिर उल्का की कक्षा, उसकी गति और उसके विक्षेपण पर नजर रखी जाएगी। यदि उल्का पर स्थापित अंतरिक्ष यानों में कोई खराबी आती है तो उसका निस्तारण भी इसी स्पेस स्टेशन का उत्तरदायित्व होगा। एक दूसरा स्पेस स्टेशन जिसे ‘डिजास्टर मेनेजमेंट स्पेस स्टेशन-2’ या ‘डी.एम.एस.एस.-2’ कहा जाएगा को पृथ्वी के उपर सबसे निचली उपलब्ध कक्षा में स्थापित किया जाएगा। यह दुनियां भर में फैले सारे ‘अर्थ स्टेशन’ के सीधे-सीधे संपर्क में रहेगा और उनसे फीडबैक लेगा। यदि सारी सावधानियों के वावजूद भी उल्का-पिंड पृथ्वी से सीधे-सीधे टकराने की स्थिति में आ जाता है तो इस स्पेस स्टेशन से नियंत्रित न्यूक्लीयर वार हेड वाले स्पेस शिप सीधे-सीधे उल्का-पिंड से टकरा दिए जाएंगे फिर आगे का परिणाम चाहे जो हो। इसके अतिरिक्त एक महत्वकांक्षी मिशन ‘ओरीरिस रेक्स’  हर पांच वर्ष में इस पर एक प्रोब इस उल्का-पिड पर भेजकर इस का एक छोटा सेंपल पृथ्वी पर लाकर इसके अवयवों, इसकी दृढता, या न्यूक्लीयर इम्पेक्ट के समय यह कैसे व्यवहार करेगा, इसकी जांच कर आंकडे़ प्रकाशित करता रहेगा। पृथ्वी पर एक ‘आई.ए.डब्लयू.एन रिसर्च सेंटर’ की स्थापना की जाएगी जो इस उल्का के विभिन्न आयामों पर लगातार परीक्षण करता रहेगा।

सन् 2938- पास आती मौत

सारे प्रयासों के वावजूद हर बार जब उल्का-पिंड पृथ्वी की कक्षा को क्रास करता था तो उसकी पृथ्वी से दूरी घटती जाती थी। वैज्ञानिकों का मानना था कि ऐसा सूर्य से आने वाले विकरण के कारण हो रहा है जिसे वे ‘यार्कोवस्की प्रभाव’ कहते हैं। यह करीब-करीब तय होता जा रहा था कि उल्का-पिंड पृथ्वी से टकरा कर रहेगा। अब उसकी ‘टोरिनो रेटिंग’ सर्वाधिक यानि कि 10 कर दी गई थी जिसका मतलब था कि इस उल्का-पिंड का पृथ्वी से टकराना लगभग तय है जिस से पृथ्वी पर महाविनाश होगा। पृथ्वी पर से सारी जीवित प्रजातियां लगभग समाप्त हो जाएंगी। मानव सभ्यता के पृथ्वी से समाप्त होने के पूरे आसार हैं। पर कहते हैं कि जब तक सांस है तब तक आस है। हर तरह से लोग अपने को बचाने में लगे थे। प्रभावशाली व्यक्ति पृथ्वी के गर्भ में कंक्रीट की मोटी-मोटी दीवारों वाले बंकर बनवा रहे थे ताकि वे उल्का-पिंड पृथ्वी से टकराने से पहले ही उसमें जाकर रहने लगें। सरकारों ने भी सार्वजनिक रूप से जगह-जगह पर ऐसे बंकरों का निर्माण कराना शुरू कर दिया था। यह भी तय किया जाने लगा था कि इन बंकरों में किस-किस को रहने की इजाजत मिलेगी? इसके लिए गुपचुप सूचियां बनाई जाने लगीं थीं। इन सूचियों में आरक्षण को लेकर आंदोलन होने लगे। लोग नैतिक, अनैतिक तरीके अपना कर अपना नाम इन सूचियों में दर्ज कराना चाहते थे। यदि कहीं किसी परिवार के किसी एक व्यक्ति का इस सूची के लिए जुगाड़ बन जाता था तो लोग अपने परिवार के अन्य लोगों की भी उपेक्षा कर गुपचुप केवल अपना नाम दर्ज करवा लेते थे। जीने की इच्छा इतनी बलबती हो गई थी कि उसके सामने सारे रिश्ते-नाते, त्याग, मानवता सब गौढ़ हो चले थे। कोई किसी की परवाह नहीं थी; न पिता को बच्चों की न पति को अपनी पत्नी की, न मां को अपने बच्चे की। लोग अपने को सुरक्षित करने के लिए अपने परिवारी जनों की हत्याएं करने से गुरेज नहीं कर रहे थे। बच्चे को बंकर में स्थान न मिलने पर माएं अपने बच्चों की हत्याएं कर रहीं थीं। अनैतिकता, व्यभिचार बेईमानी अपने चरम पर थी। लोग सारी सम्यता भूल कर वापस जंगली होते जा रहे थे। प्रशांत और गुस्ताव की पीढी अभी थी क्योंकि होमोसेपियंस की औसत आयु अब करीब 150 वर्ष तक थी। एंड्रोसेपियंस को आरक्षण देने के दुष्प्रभाव एक समय में इतने बढ़े कि अब संवेदनशील नौकरियों में से आरक्षण समाप्त कर दिया गया था।

13 अगस्त 2948-इमर्जेंसी अलर्ट


स्पेस स्टेशन डी.एम.एस.एस.-1 से एक अपातकालीन मैसेज भेजा गया, “एस्टीरॉइड आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 का पृथ्वी की तरफ झुकाव बढ़ रहा है। क्या योजना में किसी परिवर्तन की आवश्यकता है?”

मैसेज पाते ही सारे अर्थ स्टेशन में खलबली मच गई। इसका अर्थ यह था कि ‘डॉक एंड पुश’ प्रक्रिया विफल हो गई। विशेषज्ञों की एक आपात बैठक बुलाई गई। गुस्ताव और प्रशांत बढ़ती आयु के कारण अब बहुत सक्रिय न थे पर इस परियोजना से लम्बे समय तक जुड़ाव के कारण उनहें भी आमंत्रित किया गया। सबने एकमत होकर यह फैसला किया कि अब यह ‘करो या मरो’ की स्थिति है। आम उपायों को आजमाने का समय अब समाप्त हो गया है। तय किया गया कि अब अंतिम उपाय की तरह जितने अंतरिक्ष यान डॉकिंग के लिए सुरक्षित रखे गए हैं उनमें से आधे आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 की अगली साइटिंग से पहले ही इसकी गति की विपरीत दिशा से लाकर इस से सीधे-सीधे टकरा दिए जाएं क्योंकि कम्प्यूटर सिमूलेशन के आधार पर अगली साइटिंग पर आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 का पृथ्वी से टकराना लगभग तय माना जा रहा था। यदि वे अपने इस प्रयास में भी असफल रहते हैं तो फिर वे आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 पर न्यूक्लियर हथियारों से प्रहार करेंगे, फिर परिणाम चाहे जो हो। सामने से आती मृत्यु को हाथ पर हाथ रखे बैठ कर देखने से तो लड़ कर मरना बेहतर ही होगा। डी.एम.एस.एस.-2 स्पेस स्टशेन के साथ-साथ सारे अर्थ स्टेशनों को इमरजेंसी अलर्ट का मैसेज भेज दिया गया। 

सितम्बर 2958-तेजी से बदलता सामाजिक परिवेश

पृथ्वी पर भंयकर सामाजिक उथल-पुथल हो रही थी। सारे उद्योग धंधे करीब-करीब समाप्त हो रहे थे। नौकरियां नहीं थीं। अपराध, लूट-पाट, चोरियों, हत्याओं की तो जैसे बाढ़ आ गई थी। लोग न मरने से डरते थे न मारने से, मानव जीवन की कोई कीमत नहीं थी। एक समय का भोजन छीनने के लिए किसी की भी हत्या की जा सकती थी। पूरा विश्व भयंकर मंदी के दौर से गुजर रहा था। चारों तरफ भुखमरी थी। लोग अपना सब कुछ, यहां तक कि बच्चों, पत्नी, बहिनों तक को बेचकर दो जून की रोटी का जुगाड़ कर रहे थे। कई जगहों पर तो लोगों ने सामूहिक आत्महत्याएं कर लीं थीं। कहीं से उजाले की कोई किरण नजर नहीं आ रही थी। बाजारों से रोजमर्रा के प्रयोग की चीजें एकाएक गायब होने लगीं थी। बहुत सारे लोग बिना किसी जानकारी के गायब हो रहे थे। लोगों का मानना था कि ये वे लोग थे जिन्हें सूचियां बना कर बंकरों में भेजा जा रहा था। ये बंकर कहां थे, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी। जिन्हें थी वे इसकी जानकारी अपने परिवार वालों को तक नहीं दे रहे थे कि कहीं सूची से उनका नाम न कट जाए। मृत्यु का भय सारे रिश्ते-नातों, नैतिकता और उत्तरदायित्वों पर भारी पड़ रहा था। 

28 सितम्बर 2968- ‘डी-डे’

आखिरकार उल्का-पिंड की साइटिंग से कुछ पहले “काइनेटिक स्ट्राइक“ का एक दिन बहुत गुपचुच तरीके से निश्चित कर लिया गया। डी.एम.एस.एस.-1 स्पेस स्टेशन पर पूरे स्टाफ के साथ गुस्ताव और प्रशांत मौजूद थे। एक भारतीय विशेषज्ञ गौरांग को चीफ इन कमांड बनाया गया था। 

आज प्रोजेक्ट ‘काइनेटिक स्ट्राइक’ को एक्जीक्यूट करना था। डी.एम.एस.एस.-1 के सारे स्टाफ की धड़कनें बढ़ी हुईं थी। पूर्व निर्धारित योजना के तरह लेसर टारगेट सर्च प्रणाली से लैस 100 अंतरिक्ष यान अपने-अपने लॉंचिग पैड पर खडे थे। लोगों को पता था एक अंतरिक्ष यान के उल्का से टकराते ही हो सकता है कि गर्द या उल्का के छोटे-छोटे टुकडों का गुबार उठे और लक्ष्य उस गुबार में खो जाए। इसलिए इस लेजर टारगेट सर्च प्रणाली का उपयोग किया जा रहा था। कम्प्यूटर में पहले से एक साफ्टवेयर तैयार करके लोड किया गया था जो हर इम्पैक्ट के बाद उल्का की कक्षा और स्थिति की गणना करेगा फिर उसी हिसाब से स्ट्राइक की दिशा और टारगेट पाइंट निर्धारित करेगा। हर तीन मिनट बाद एक अंतरिक्ष यान आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 से टकराएगा। बीस यानों के बाद 10 मिनट का ‘इवेलुएशन गैप’ होगा जिसमें तब तक के इम्पैक्ट के परिणाम की विवेचना होगी। हर अंतरिक्ष यान आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 से टकरा कर नष्ट होने से पहले तक के सारे चित्र अर्थ स्टेशनों को भेजेगा। मानव का कुदरत से युद्ध का अंतिम उध्याय शुरू होने वाला था।

गौरांग भारहीनता की स्थिति में एक बडी स्क्रीन के सामने कुर्सी पर पेटियों से बंधा बैठा था। उसने कनखियों से प्रशांत की ओर देखा। एक बेबस मुस्कराहट देते हुए उस ने अपना अंगूठा उठाया और अपने सामने का लाल बटन दबा दिया। पूर्व निर्धारित योजना के के अनुसार तीन-तीन मिनट के अंतर से अंतरिक्ष यान आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 की ओर बढने लगे। 

पहले अतंरिक्ष यान के आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788 से टकराने के साथ जो गुबार उस स्थान पर उठा वह फिर बीसवें अंतरिक्ष यान के टकराने तक थमा ही नहीं। विजीबिलिटी इतनी कम हो गई कि केवल टकराने वाले अंतरिक्ष यानों के रेडियो सिग्नल्स पर ही निर्भर होना पड़ रहा था। पहले बीस अंतरिक्ष यानों के टकराने के बाद के 10 मिनट के पोजीशन इवेलुएशन में प्राप्त आंकड़ों से गौरांग को शक हुआ कि कहीं कोई गड़बड़ हो रही है। उल्का मनचाही दिशा में विस्थापित नहीं हो रही है। गौरांग ने अर्थ स्टेशनों से जानकारी ली तो पता लगा कि वे भी कुछ ऐसा ही सोच रहे है पर कोई भी उसके शक को कन्फर्म नहीं कर पा रहा था।

बीस यानों का दूसरा बेड़ा शुरू हुआ। कम्प्यूटर ने टारगेट और डाइरेक्शन दोनों बदले। इस दूसरे बर्स्ट के बाद गौरांग समझ गया कि गलती हो चुकी है। आई.ए.डब्ल्यू.एन. 2788, कक्षा बदल कर पृथ्वी की की ओर मुड़ गया है। गौरांग ने बेबसी में अपने हाथ झटके, “डैम इट।” 

स्पेस स्टेशन के कर्मचारियों की उत्तेजना चरम पर थी। तीसरे और चौथे सेट के अंतरिक्ष यानों के प्रहार के बाद यह स्पष्ट हो गया कि उल्का पृथ्वी की ओर चल पड़ी है। अब कुछ भी रोका नहीं जा सकता था। गौरांग चीखा, “वी आर लोस्ट..........वी आर डूम्ड। सब खत्म हो गया......सब कुछ। डी.एम.एस.एस.-2 को एस.ओ.एस. भेजो, वे जो कुछ कर सकें करें....वी आर लोस्ट......।” 

स्पेस स्टेशन डी.एम.एस.एस.-1 के सारे लोग  चीख रहे थे।

28 सितम्बर 2968- वह परमाणु विस्फोट

प्रशांत ने तैरते हुए आगे बढ़कर गौरांग को झकझोरा पर गौरांग निस्पंद था। वह समझ गए वह शॉक में है। उन्होंने उसी स्थिति में गौरांग की जिम्मेदारी संभाली, “हैलो मैं प्रशांत फ्राम डी.एम.एस.एस.-1, मिशन काइनेटिक स्टाइक फेल्ड......कृपया नोट करें। आइ.ए.डब्लयू.एन. 2788 इज डिफ्लेक्टेड टूवार्ड्स अर्थ। यह करीब 20,000 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेजी से पृथ्वी की ओर बढ़ रही है। अंदाजा है कि पृथ्वी तक पहुंचते-पहुंचते इसकी गति करीब 70 हजार किलोमीटर प्रति घंटे होगी। डी.एम.एस.एस.-2 नोट करें....इससे पहले कि यह पृथ्वी के और नजदीक पहुंचे.......न्यूक इट। इस पर परमाणु हथियारों से हमला करो......डायरेक्ट हिट नहीं करना है। इन्हें आइ.ए.डब्लयू.एन. 2788 से एक किलोमीटर की दूरी पर एक्टीवेट करना है....क्विक.....गुडलक.....। 

इसके साथ ही 100 मेगाटन टी.एन.डी क्षमता के नाभिकीय बम से लैस तीस अंतरिक्ष यान अपने-अपने लॉंचिग पैड्स से रवाना कर दिए गए। इन अंतरिक्ष यानों की उल्का से मुठभेड़ पृथ्वी से करीब 60,000 किलोमीटर की उचाई पर हुई। पूरा आसमान सूर्य से भी ज्यादा तेज रोशनी से चमक उठा। इससे निकला विकरण ओर शॉक वेव्स  तेजी से पृथ्वी की ओर बढ़ रहीं थीं। पृथ्वी पर एक तीव्रतम भूकंप आने वाला था।

प्रशांत डी.एम.एस.एस.-1 के राडार से उल्का-पिंड पर नजर रखे हुए थे। वे स्क्रीन पर उल्का की पृथ्वी की कक्षा के सापेक्ष स्थिति फ्रेम दर फ्रेम जांचते जा रहे थे। उन्हें अचानक लगा कि उल्का की गति और डिफलेक्शन पहले के विपरीत हैं। गौरांग अब तक अपने आप को संयत कर चुका था। 

“गौरांग देखो....देखो गौरांग, लगता है परमाणु आयुधों ने उपना काम कर दिया...न्यूक हैव सक्सीडेड”, प्रशांत ने उत्साहित होकर कहा। 

गौरांग ने उल्का की लोकशन को सॉफटवेयर में डालकर चेक किया फिर वह चिल्लाया “यस....प्रशांत....वी हैव डन इट......हमने धरती को बचा लिया है। देखो अब यह ऑरबिट जिसमें उल्का बढ़ रही है...यह पृथ्वी की ऑरबिट को कहीं भी क्रास नहीं करती.....कहीं भी नही.........वी हैव डन इट सर......हमारी जीत हुई ....।”

डी.एम.एस.एस.-1 के सारे लोग खुशी में चिल्लाने लगे। पर इस खुशी को अर्थ स्टेशनों से आने वाले एक एस.ओ.एस. (मुसीबत में भेजने जाने वाली एक मैसेज) ने छिन्न-छिन्न कर दिया। कई अर्थ स्टेशन से मैसेज आ रहे थे, “आइ.ए.डब्लयू.एन. 2788 के दो टुकडे बड़ी तेजी से पृथ्वी की ओर बढ़ रहे हैं।”

“डैम इट”, मौरांग बुदबुदाया, “जस्ट वाच देम, अब उनके लिए कुछ भी नहीं किया जा सकता। अब वे पृथ्वी के इतने नजदीक पहुंच रहे हैं कि अब उन पर परमाणु हथियारों से हमला भी नहीं किया जा सकता।” 

“इनमें से एक 700 मीटर लम्बा और 100 मीटर चौड़ा है, दूसरा 400 मीटर बाई 150 मीटर”, अर्थ स्टेशन ने जानकारी दी।

“टाई काइनेटिक स्ट्राइक, एक एक अंतरिक्ष यान को इनसे टकराओ.....डाइरेक्ट हिट।” प्रशांत ने सुझाव दिया।

“अब यह असंभंव है.....बहुत छोटे टारगेट हैं और अब तो ये पृथ्वी के वातावरण में पहुचने ही वाले हैं।” 

“तो बस प्रार्थना कीजिए......देखिए कुदरत को क्या मंजूर है”, प्रशांत ने हताशा में उत्तर दिया। 


वह खतरनाक आसमानी आतिशबाजी


उल्का  का बडा भाग तो नाभिकीय टक्कर से पृथ्वी से दूर चला गया था। पर इस से टूटे दो खतरनाक टुकड़े करीब 20,000 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पृथ्वी की ओर बढ़ रहे थी। जैसे जैसे ये उल्का-पिंड पृथ्वी के पास पहुंचते जा रहे थे, पृथ्वी के गुरूव्ताकर्षण बल के कारण इनकी गति तेजी से बढ़ती जा रही थी। करीब 40 से 50 हजार किलोमीटर प्रति घंटे की गति से इन्होने पृथ्वी के वातावरण में प्रवेश किया। आग की एक चौड़ी रेखा आकाश में खिंचने लगी। वातावरण की रगड़ से उल्का-पिंडो का तापक्रम बढ़ते-बढ़ते हजारों डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुच गया जिसके कारण आस-पास की वायु अतितप्त प्लाज्मा में बदलने लगी। इसे संयोग कहें या प्रार्थनाओं का प्रभाव कि ये दोनों उल्का-पिंड दुनिया के सबसे कम आबादी वाले क्षेत्र एंटार्कटिका की ओर बढ रहे थे। पृथ्वी की सतह से कुछ किलोमीटर उपर दोनों उल्का पिडों में विस्फोट हुआ ओर ये दोनो छोटे टुकडों में बदल गए। बडे उल्का-पिंड की यात्रा अंततः अंटार्कटिका में दुनिया के सबसे साफ यानी के समुद्र ‘वेडेल सी’ में समाप्त हुई। बेस स्टेशन से रिक्टर स्केल पर 7 से 8 अंको वाले झटके रिकार्ड किए गए। छोटे उल्का-पिंड के टुकडे नार्वे के अधिकार वाले ‘डोनिंग माउड लेंड’ क्षेत्र में गिरे। गिरते समय उन्हें वहां देखने वाला कोई नहीं था क्योंकि वैसे भी इन क्षेत्रों में कोई स्थाई आबादी नहीं है। यहां पर बहुत सारे देशों के अपने अनुसंधान केंद्र है जिनमें गर्मियों के मौसम में अनुसंधानकर्ता आकर अनुसंधान करते हैं।पर उल्कापिंड के टकराने के समय वहां कोई भी नहीं था क्योंकि ये लोग भी उस वर्ग में आते थे जिनके नाम बंकरों में जाने वाली सूचियों में दर्ज थे। अलबत्ता वे अपने केंद्रों के टेलिस्कोप, कैमरे, रिकार्डर आदि चलते छोड़ आए थे ताकि हो सकता है कि कहीं घटना की कोई रिकार्डिंग हो जाए।

सन् 2972- हादसे के बाद

चूंकि उल्का-पिंड को विस्थापित करने में नाभिकीय आयुधों का प्रयोग हुआ था इसलिए लोगों का मानना था कि वातावरण परमाणु विकरण से पूरी तरह विषाक्त हो चुका होगा। इस डर से लापता लोग, जिनमें से अधिकांश पृथ्वी के नीचे बने बंकरों में रह रहे थे, सालों तो प्रकट ही नहीं हुए। धीरे-धीरे लोगों का भय कम हुआ। सबसे पहले एंड्रोसेपियंस बाहर आए। उनसे लोगों को बंकरों की जानकारी हुई कि किस तरह के लोग कैसे वहां रह रहे हैं? फिर रोबोसेपियंस और अंत में होमोसेपियंस ने भी बाहर निकलना शुरू कर दिया।

बाहर का वातावरण अभी भी काफी खराब है। उत्पादन नहीं है, नौकरी नहीं है। चारो तरफ फिर से छीना-झपटी और अपराधों का बोलबाला हो गया है। लोग तो परमाणु विकिरण से डर कर बंकरों में छिपे थे पर बीमारियां, कुपोषण, भूख आदि मौत के सबसे बडे़ कारण बनकर उभरे हैं।

 उल्काओं के टकराने से वेडेल समुद्र की आइस शीट का कितना विनाश हुआ, वर्फ पिघलने से समुद्रों का स्तर बढने से कितने लोगों की मौत हुई है, डोनिंग माउड लेंड में अब स्नो-पेट्रेल ओर एम्परर पेंग्विन के उत्तराधिकारी बचे हैं कि नहीं, परमाणु विकरण ने कितने लोगों को प्रभावित किया है; ये तो दो चार साल में पता लग जाएगा, पृथ्वी भी एक-दो दशक में सामान्य होने लगेगी पर आपसी सम्बंधों में जो दरारें आ र्गइं हैं, मानवता और आपसी विश्वास को जो नुकसान पहुचा है, ये जो मंदी का दौर है; इसको ठीक होने में कितना समय लगेगा, कोई नहीं जानता।


इस विज्ञान कथा को आईसेक्ट पब्लिकेशन, भोपाल से प्रकाशित इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए विज्ञान पत्रिका द्वारा आयोजित ‘सी.वी. रमन विज्ञान कथा’ प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।

------------------------------
 
विज्ञान कथा के नेपथ्य का विज्ञान
ज्ञानिकों के अनुसार आवारा ग्रह या तो सौरमंडल के निर्माण के समय बने थे और विकास में यह स्थिर तारा बनते बनते रह गए या फिर किसी दूसरे सौरमंडल से यह किसी वजह से बाहर निकल गए और अन्य सौरमंडल में जाकर किसी स्थित तारे का चक्कर लगाने के स्थान पर उस सौरमंडल के केंद्र का चक्कर लगाने लगे। जब कभी इनकी कक्षा किसी ग्रह की कक्षा को काटती है तो यह उस ग्रह के लिए खतरा बन जाते हैं। लोगों का मानना है की काल्पनिक ‘थिया’ नाम का ग्रह भी इसी तरह का आवारा ग्रह रहा होगा जिस की टक्कर से उड़ी धूल से चंद्रमा बना। पृथ्वी की कोर को सघनता मिली पृथ्वी को पानी मिला और शायद पृथ्वी पर जीवन पनपने का यह भी एक कारण था। जिस प्रकार के टर्बाेजेनरेटर की चर्चा कहानी में की गई है वे एक प्रकार के सूक्ष्म जनरेटर हैं जो  किसी व्यक्ति की नाड़ी, सांस लेने की गति आदि से ऊर्जा प्राप्त कर चल सकते हैं और छोटे-मोटे कार्य कर सकते हैं। एंड्रॉइड्स और सुपरइंटेलिजेंस आज कृत्रिम बुद्धि के हॉट विषय हैं। इनके खतरों से वैज्ञानिक आगाह करते रहते हैं। एंड्रॉइड्स की नागरिकता का शुभारंभ रोबोट ‘सोफिया’ की नागरिकता से हो चुका है। उल्का के इंपैक्ट के सारे दृश्य पूरी तरह वैज्ञानिक और सत्य हैं। उल्फा को अपनी कक्षा से विस्थापित करने के उपाय यथा थर्माेन्यूक्लियर बमों द्वारा इंपैक्ट, लेसर कैनन, ग्रेविटी ट्रैक्टर, यार्काेवस्की प्रभाव, काइनेटिक डिफलेक्शन, सोलर सेल, न्यूक्लियर इंपैक्ट आदि सब वास्तविक हैं। अमेरिकी ‘स्पेसगार्ड प्रोग्राम’ में इन उपायों के तहत पूरी तैयारी की जा रही है। उल्का जब पृथ्वी से टकराएगी तो उसके टकराने के ऐसे दृश्य की भविष्यवाणी खगोलशास्त्री और वैज्ञानिक करते हैं। डायनासोर की विलुप्ति की इंपैक्ट थ्योरी पर सारे वैज्ञानिक विश्वास करते हैं। कथा विज्ञान कथा में जिस ‘इजेक्टा क्लाउड’ की बात की गई है वह उल्का के पृथ्वी से टकराने के समय बनता है और भीषण विनाश करता है। ’टोरिनो रेटिंग’ किसी उल्का के पृथ्वी के टकराने के आसन्न खतरे को नापने का वैज्ञानिक पैमाना है।